चंदौली के अलीनगर थाना पुलिस ने 14 वर्षों से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी और स्थायी वारंटी आरोपी को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस को यह सफलता सर्विलांस सेल की मदद से वाराणसी के बाबतपुर क्षेत्र में मिली। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अलीनगर थाना पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए संतोष कुमार निवासी घुस खास, थाना अलीनगर को धर दबोचा। आरोपी वर्ष 2012 में अलीनगर थाने में दर्ज दुष्कर्म, अपहरण और विवाह के लिए बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में वांछित था। आरोपी के खिलाफ न्यायालय से स्थायी वारंट जारी था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से फरार था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। सर्विलांस सेल से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बाबतपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी घनश्याम शुक्ल सहित अलीनगर पुलिस और सर्विलांस सेल की टीम की भूमिका अहम रही।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story