चंदौली में अपराध एवं अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुगलसराय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने 40 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब (8PM Gold) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कुल मात्रा 7.200 लीटर बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नगद 200 रुपये और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार, थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में मुगलसराय पुलिस टीम वीआईपी गेट नंबर-1 क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जीटीआर ब्रिज की उत्तरी सीढ़ी के पास एक युवक काले रंग के पिट्ठू बैग में अवैध अंग्रेजी शराब रखकर बिक्री की फिराक में बैठा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 8PM Gold ब्रांड की 180-180 एमएल की कुल 40 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने अपनी पहचान विजय कुमार पासवान (20 वर्ष), पुत्र शिवनाथ पासवान, निवासी ग्राम बलुआ, थाना मनेर, जनपद पटना (बिहार) के रूप में बताई। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना मुगलसराय में मु.अ.सं. 379/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक शिवपूजन बिंद, कांस्टेबल अभिषेक कुमार यादव तथा कांस्टेबल अमित कुमार यादव की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story