चंदौली: बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन के नाम पर ₹36 हजार वसूली और धमकी का आरोप
चंदौली के बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान ऑपरेशन के नाम पर ₹36 हजार वसूली और धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़ित ने जिलाधिकारी से जांच और कार्रवाई की मांग की है।

चंदौली के शहीदगांव निवासी पंकज तिवारी ने बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान अवैध वसूली और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा है। शिकायत में एक चिकित्सक और अस्पताल परिसर के बाहर स्थित मेडिकल स्टोर संचालक पर ऑपरेशन के नाम पर रुपये लेने तथा भुगतान न करने पर जान से मारने जैसी धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया गया है।
पीड़ित के अनुसार, सड़क दुर्घटना में उसके दाहिने पैर की हड्डी टूट गई थी। इलाज के लिए वह बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज पहुंचा, जहां तैनात डॉक्टर आशुतोष बिक्रम ने कथित तौर पर उसे अस्पताल के बाहर स्थित एक मेडिकल स्टोर से सर्जिकल उपकरण और अन्य व्यवस्था कराने के लिए भेजा। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने सर्जिकल उपकरणों के लिए 20 हजार रुपये और डॉक्टर के खर्च के नाम पर 12 हजार रुपये लिए। आर्थिक तंगी के बावजूद पीड़ित ने पड़ोसियों से उधार लेकर कुल 32 हजार रुपये का भुगतान किया।
शिकायत के मुताबिक, 24 जून 2026 को उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया और 30 जून 2026 को उसका ऑपरेशन किया गया। आरोप है कि ऑपरेशन के बाद भी उससे 4 हजार रुपये अतिरिक्त मांगे गए। जब उसने आर्थिक असमर्थता जताई तो डॉक्टर और मेडिकल स्टोर संचालक ने कथित रूप से धमकाते हुए कहा, "गलत इंजेक्शन दे देंगे तुम्हारा नाटक खत्म हो जाएगा।" पीड़ित का कहना है कि भय के कारण उसने उधार लेकर अतिरिक्त रकम का भी भुगतान कर दिया।
पंकज तिवारी ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित अवैध वसूली की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा न्याय दिलाने की मांग की है।
वहीं, बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमित सिंह ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि शिकायत प्राप्त होती है तो उसकी जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मामले में अब शिकायत के आधार पर प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

Manmohan, Chandauli (Uttar pradesh)
नाम: मनमोहन
पद: रिपोर्टर (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: चंदौली (उत्तर प्रदेश)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम (अपराध) और प्रशासन
मूलमंत्र: निष्पक्ष, बेबाक और तथ्यपरक पत्रकारिता
परिचय (About Manmohan)
मनमोहन उत्तर प्रदेश के चंदौली क्षेत्र के एक सजग, निडर और समर्पित पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मनमोहन मुख्य रूप से क्राइम (अपराध) और स्थानीय प्रशासन से जुड़े मामलों को कवर करते हैं। उनका पत्रकारिता दृष्टिकोण पूरी तरह से "निष्पक्ष, बेबाक और तथ्यपरक" खबरों पर आधारित है, जिससे वे क्षेत्र की जनता के मुद्दों और प्रशासनिक सच्चाई को बिना किसी दबाव के सामने लाते हैं।
पत्रकारिता कौशल एवं अनुभव (Skills & Experience)
मनमोहन को चंदौली जिले के जमीनी मुद्दों, भौगोलिक परिस्थितियों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की गहरी समझ है। अपराध से जुड़ी घटनाओं की सटीक रिपोर्टिंग और प्रशासनिक कमियों व सुधारों को प्रमुखता से उठाना उनकी मुख्य विशेषता है। तथ्यों की गहराई में जाकर खबर की प्रामाणिकता जांचना उनके काम की शैली का हिस्सा है।
शैक्षणिक योग्यता (Education & Credentials)
एम.जे. (M.J. - Master of Journalism): मनमोहन पत्रकारिता में परास्नातक (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म) की डिग्री से योग्य हैं। उनकी यह उच्च प्रोफेशनल डिग्री और पत्रकारिता की सैद्धांतिक समझ उन्हें जटिल खबरों का तार्किक विश्लेषण करने और समाज के सामने एक जिम्मेदार मीडिया रिपोर्ट प्रस्तुत करने में सक्षम बनाती है।
