चंदौली में गोधना बाईपास से लेवा रोड तक बन रही निर्माणाधीन फोरलेन सड़क आसपास के गांवों के लिए राहत के बजाय परेशानी का कारण बनती जा रही है। निर्माण कार्य में कथित लापरवाही के चलते जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। बरसात शुरू होते ही कई गांवों में जलभराव की गंभीर समस्या सामने आई है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

सबसे अधिक प्रभावित विकासखंड नियामताबाद की ग्राम सभा शिवनाथपुर है। ग्रामीणों के अनुसार गांव के किनारे नाली का निर्माण अभी तक अधूरा है, जबकि मुख्य नाले पर बनने वाली पुलिया भी पूरी नहीं हो सकी है। इसके चलते बारिश का पानी गांव में जमा हो रहा है। हालात ऐसे हैं कि गलियां कीचड़ से भर गई हैं और कई स्थानों पर लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है। कुछ परिवारों ने घरों में पानी घुसने की शिकायत भी की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि फोरलेन निर्माण के दौरान जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई। सड़क निर्माण के लिए कई स्थानों पर मिट्टी और गिट्टी के ढेर पड़े होने से आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। लगातार जलभराव बने रहने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में चिंता गहराती जा रही है।

इस समस्या को लेकर पूर्व सांसद रामकिशुन यादव कुछ समय पहले शिवनाथपुर से पांडेपुर तक पैदल यात्रा कर चुके हैं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग भी की थी। इसके बावजूद नालियों और पुलिया का निर्माण अब तक अधूरा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई स्थानों पर केवल औपचारिक सफाई कर मामले को टालने का प्रयास किया जा रहा है।

वर्तमान बीडीसी सदस्य नंदन यादव ने बताया कि इस संबंध में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों और एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि गांव के मुख्य नाले पर पुलिया का निर्माण पूरा न होने से पानी की निकासी पूरी तरह बाधित है और जलभराव की समस्या दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है।

नंदन यादव ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द स्थायी समाधान नहीं कराया तो ग्रामीण सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए विवश होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी। इस दौरान श्याम केसरी, सुभाष केसरी, पारस कनौजिया, डॉ. दिनेश, मूसई, प्रभु नारायण केसरी, रामचंद्र यादव, चंद्रशेखर यादव, डोमन श्री यादव, अमरनाथ यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Manmohan, Chandauli (Uttar pradesh)

Manmohan, Chandauli (Uttar pradesh)

नाम: मनमोहन

पद: रिपोर्टर (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: चंदौली (उत्तर प्रदेश)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम (अपराध) और प्रशासन

मूलमंत्र: निष्पक्ष, बेबाक और तथ्यपरक पत्रकारिता

परिचय (About Manmohan)

मनमोहन उत्तर प्रदेश के चंदौली क्षेत्र के एक सजग, निडर और समर्पित पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मनमोहन मुख्य रूप से क्राइम (अपराध) और स्थानीय प्रशासन से जुड़े मामलों को कवर करते हैं। उनका पत्रकारिता दृष्टिकोण पूरी तरह से "निष्पक्ष, बेबाक और तथ्यपरक" खबरों पर आधारित है, जिससे वे क्षेत्र की जनता के मुद्दों और प्रशासनिक सच्चाई को बिना किसी दबाव के सामने लाते हैं।

पत्रकारिता कौशल एवं अनुभव (Skills & Experience)

मनमोहन को चंदौली जिले के जमीनी मुद्दों, भौगोलिक परिस्थितियों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की गहरी समझ है। अपराध से जुड़ी घटनाओं की सटीक रिपोर्टिंग और प्रशासनिक कमियों व सुधारों को प्रमुखता से उठाना उनकी मुख्य विशेषता है। तथ्यों की गहराई में जाकर खबर की प्रामाणिकता जांचना उनके काम की शैली का हिस्सा है।

शैक्षणिक योग्यता (Education & Credentials)

एम.जे. (M.J. - Master of Journalism): मनमोहन पत्रकारिता में परास्नातक (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म) की डिग्री से योग्य हैं। उनकी यह उच्च प्रोफेशनल डिग्री और पत्रकारिता की सैद्धांतिक समझ उन्हें जटिल खबरों का तार्किक विश्लेषण करने और समाज के सामने एक जिम्मेदार मीडिया रिपोर्ट प्रस्तुत करने में सक्षम बनाती है।

Next Story