जनगणना-2027: एटा में स्वगणना अभियान शुरू, जानिए पूरी प्रक्रिया
एटा में डीएम एम. अरुन्मोली ने स्वगणना कर अभियान का शुभारंभ किया। 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर 40 प्रश्नों के आधार पर जनगणना करेंगे।

एटा में डीएम एम. अरुन्मोली की अगुवाई में जनगणना-2027 स्वगणना अभियान का कलेक्ट्रेट में शुभारंभ हुआ।
भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का सोमवार, 16 नवंबर 2026 को स्वगणना अभियान के साथ औपचारिक शुभारंभ हो गया। एटा में जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी एम. अरुन्मोली ने स्वयं स्वगणना कर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ स्वगणना की प्रक्रिया पूरी कराते हुए जनपदवासियों से भी इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की।
जनगणना-2027 के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर में आकर्षक रंगोली बनाई गई, जिसके माध्यम से जनगणना का संदेश प्रदर्शित किया गया। जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने रंगोली के समक्ष उपस्थित होकर आमजन को स्वगणना के महत्व और इसकी प्रक्रिया की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे 16 नवंबर से 30 नवंबर तक निर्धारित अवधि में अपनी स्वगणना अनिवार्य रूप से पूरी करें। स्वगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मिलने वाली 11 अंकों की विशिष्ट आईडी को सुरक्षित रखना भी जरूरी है। घर पर प्रगणक के पहुंचने पर यह आईडी उपलब्ध कराकर जनगणना की प्रक्रिया पूरी कराई जा सकेगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र तथा जिला जनगणना अधिकारी सी.पी. पाठक ने भी अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे आज ही स्वगणना पूरी कर अपनी 11 अंकों की आईडी सुरक्षित कर लें। साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी स्वगणना के लिए प्रेरित करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्वगणना की अवधि समाप्त होने के बाद 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनगणना का कार्य करेंगे। इस दौरान परिवारों से निर्धारित सभी 40 प्रश्नों के संबंध में जानकारी ली जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि प्रगणकों को सटीक और सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना का कार्य शुद्धता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न हो सके।
कलेक्ट्रेट परिसर में बनाई गई रंगोली के माध्यम से भारत की जनगणना-2027 का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। जिलाधिकारी ने जनगणना के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, “भारत की जनगणना से जनकल्याण होगा।” उन्होंने बताया कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश मौर्य, अपर उप जिलाधिकारी रविंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्ट्रेट परिसर में जनगणना-2027 का संदेश देती रंगोली का संयोजन मास्टर ट्रेनर संजय शर्मा एवं रजत पाल सिंह के साथ राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक बिम्बिसार बौद्ध, विवेक कुलश्रेष्ठ एवं जितेंद्र वीर सिंह ने किया।
जिलाधिकारी ने अंत में जनपदवासियों से स्वगणना अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने, सही जानकारी उपलब्ध कराने और राष्ट्रीय जनगणना अभियान को सफल बनाने में योगदान देने की अपील की। जनगणना का द्वितीय चरण अब स्वगणना के बाद घर-घर सर्वेक्षण के माध्यम से आगे बढ़ेगा।

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)
विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।
वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल
बीट (विस्तृत जानकारी):
- स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
- प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
- स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
- शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
- अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
- सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
- व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां
कार्य क्षेत्र:
जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश
अनुभव से जुड़ी जानकारी:
- क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
- 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
- वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।
शिक्षा से जुड़ी जानकारी:
स्नातक
