बुलंदशहर के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित मोहल्ला अवंती नगर भूड़ में तीन वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि बच्ची की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि पड़ोस में किराये पर रहने वाली महिला सोनम ने की थी। आरोपी ने मासूम को अपने कमरे में बुलाकर उसका मुंह दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह कमरे पर ताला लगाकर फरार हो गई थी। पुलिस के अनुसार, उसकी योजना रात में लौटकर बच्ची के शव को ठिकाने लगाने की थी।

जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर को डायल-112 के माध्यम से पुलिस को तीन वर्षीय बच्ची के लापता होने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर कई थाना प्रभारियों के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम को बच्ची की तलाश में लगाया गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ घर-घर जाकर तलाश शुरू की। इसी दौरान बच्ची के घर से करीब 40 मीटर की दूरी पर स्थित सोनम का कमरा बंद मिला। पुलिस ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो वहां मासूम का शव पड़ा मिला।

पुलिस जांच में आरोपी सोनम की पारिवारिक पृष्ठभूमि से जुड़े कई तथ्य सामने आए। उसकी शादी वर्ष 2015 में दिनेश निवासी ग्राम मयाना, थाना जेवर, जनपद गौतमबुद्धनगर के साथ हुई थी। पारिवारिक विवाद के चलते करीब डेढ़ से दो वर्ष बाद दोनों अलग हो गए थे। इसके बाद दिनेश ने दूसरी शादी कर ली और वर्तमान में दिल्ली में रह रहा है। सोनम की आठ वर्षीय बेटी भी अपने पिता के पास चली गई थी। बेटी से अलग होने के बाद सोनम मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी।

एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजय ने बताया कि कुछ दिन पहले सोनम ने अपने मायके ग्राम धतूरी में अपनी बेटी को छत से नीचे फेंक दिया था, जिससे वह घायल हो गई थी। उपचार के बाद बच्ची की मां ने उसे उसके पिता दिनेश के सुपुर्द कर दिया था। दिनेश बच्ची को अपने साथ दिल्ली ले गया था। इसके बाद से सोनम बेटी से दूर रहने के कारण परेशान थी।

पुलिस के अनुसार, सोनम नशा भी करती थी और उसका झुकाव तंत्र-मंत्र की ओर था, हालांकि उसे इसकी कोई विशेष जानकारी नहीं थी। पुलिस का कहना है कि इसी मनोस्थिति में उसने पड़ोस में रहने वाली तीन वर्षीय बच्ची को अपने कमरे में बुलाया और उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी।

एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस को देखकर आरोपी सोनम कमरे में ताला लगाकर फरार हो गई थी। उसकी योजना रात में वापस कमरे पर आकर बच्ची के शव को कहीं ठिकाने लगाने की थी, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सोनम पत्नी दिनेश, निवासी ग्राम धतूरी, थाना सलेमपुर, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है। पुलिस ने बच्ची का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

घटना के बाद जिले में किरायेदारों के सत्यापन अभियान को भी तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी के आदेश पर चौकी, हल्का और बीट स्तर पर सत्यापन रजिस्टर तैयार किए गए हैं। दो सप्ताह के भीतर अभियान पूरा करने के निर्देश दिए गए थे, जिसे अब शीघ्र पूरा करने को कहा गया है।

पुलिस ने मकान मालिकों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों की जानकारी नजदीकी पुलिस चौकी या थाने में उपलब्ध कराकर उनका सत्यापन अवश्य कराएं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किरायेदार की ओर से किसी आपराधिक घटना को अंजाम दिए जाने की स्थिति में मकान मालिक की लापरवाही की भी जांच की जाएगी। इस मामले के बाद पुलिस ने जिले में किरायेदारों के सत्यापन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने पर जोर दिया है।

अनूप शर्मा

अनूप शर्मा

नाम: अनूप शर्मा


पद: स्टाफ रिपोर्टर (Staff Reporter)


कार्यक्षेत्र: खुर्जा एवं आसपास का क्षेत्र (उत्तर प्रदेश)


बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (जनहित के मुद्दे, स्थानीय समाचार और सामाजिक विषय)


परिचय: अनूप शर्मा एक सक्रिय पत्रकार एवं लेखक हैं। वह जनहित से जुड़े मुद्दों, स्थानीय समाचारों और सामाजिक विषयों को प्रमुखता से अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने रखते हैं। वर्तमान में वह खुर्जा और आसपास के क्षेत्र से समाचारों का संकलन एवं प्रकाशन करते हैं। निष्पक्षता और सामाजिक सरोकारों के साथ जमीनी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की मुख्य पहचान है।


पत्रकारिता का अनुभव: अनूप शर्मा को मीडिया और प्रिंट प्रकाशन में कार्य करने का अच्छा अनुभव है: UP Police Monitor Magazine: पिछले 4 वर्षों से मासिक पत्रिका में स्टाफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत। The हिंद न्यूज 24: वर्ष 2026 की शुरुआत से रिपोर्टर के पद पर कार्यरत। प्रातःकाल: सितंबर 2026 से निरंतर जुड़े हुए हैं।


शैक्षणिक योग्यता (Education)वाणिज्य में स्नातकोत्तर (M.Com)

Next Story