बुलंदशहर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर बुलंदशहर जिला प्रशासन ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव के दौरान धनबल और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए व्यय संवेदनशील निर्वाचन क्षेत्रों (ईएससी) की पहचान की जा रही है। इसके साथ ही मतदाता सूची में नए पात्र मतदाताओं को जोड़ने के लिए विशेष पंजीकरण अभियान चलाने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।

इस संबंध में जिलाधिकारी कुमार हर्ष की अध्यक्षता में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जनपद स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यय संवेदनशील निर्वाचन क्षेत्रों के चिन्हांकन और अंतिम प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विधानसभा चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यय संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान गंभीरता से की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान धनबल के इस्तेमाल और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अभी से ठोस तैयारियां की जाएं।

उन्होंने कहा कि पूर्व के चुनावों के अनुभवों, संवेदनशीलता से संबंधित सूचनाओं, संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का गहन परीक्षण किया जाए। इन सभी पहलुओं के आधार पर तथ्यपरक और गुणवत्तापूर्ण प्रस्ताव तैयार किए जाएं। इसके लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखने और सूचनाओं का नियमित आदान-प्रदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर अंतिम प्रस्ताव निर्वाचन आयोग को भेजा जा सके।

बैठक में निर्वाचन व्यय की निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने पर भी जोर दिया गया।

मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के लिए भी जिलाधिकारी ने विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी इंटर कॉलेजों, महाविद्यालयों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों में विशेष पंजीकरण कैंप लगाए जाएं। इसके अलावा लेबर अड्डों और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के बीच भी कैंप आयोजित कर नए मतदाताओं का पंजीकरण कराया जाए। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अभिषेक कुमार सिंह, एसपी सिटी अभिषेक प्रताप सिंह अजेय सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। विधानसभा चुनाव-2027 के मद्देनजर प्रशासन की इन तैयारियों में निर्वाचन व्यय पर निगरानी, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और मतदाता सूची के विस्तार को प्रमुखता दी जा रही है।

अनूप शर्मा

अनूप शर्मा

नाम: अनूप शर्मा


पद: स्टाफ रिपोर्टर (Staff Reporter)


कार्यक्षेत्र: खुर्जा एवं आसपास का क्षेत्र (उत्तर प्रदेश)


बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (जनहित के मुद्दे, स्थानीय समाचार और सामाजिक विषय)


परिचय: अनूप शर्मा एक सक्रिय पत्रकार एवं लेखक हैं। वह जनहित से जुड़े मुद्दों, स्थानीय समाचारों और सामाजिक विषयों को प्रमुखता से अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने रखते हैं। वर्तमान में वह खुर्जा और आसपास के क्षेत्र से समाचारों का संकलन एवं प्रकाशन करते हैं। निष्पक्षता और सामाजिक सरोकारों के साथ जमीनी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की मुख्य पहचान है।


पत्रकारिता का अनुभव: अनूप शर्मा को मीडिया और प्रिंट प्रकाशन में कार्य करने का अच्छा अनुभव है: UP Police Monitor Magazine: पिछले 4 वर्षों से मासिक पत्रिका में स्टाफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत। The हिंद न्यूज 24: वर्ष 2026 की शुरुआत से रिपोर्टर के पद पर कार्यरत। प्रातःकाल: सितंबर 2026 से निरंतर जुड़े हुए हैं।


शैक्षणिक योग्यता (Education)वाणिज्य में स्नातकोत्तर (M.Com)

Next Story