बरेली के विकासखंड क्यारा स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय बारीनगला के बच्चों ने रामगंगा तट पर गंगा उत्सव का आयोजन कर नदी संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान बच्चों ने शिक्षकों के साथ घाटों की सफाई की, प्रभात फेरी निकालकर ग्रामीणों को जागरूक किया और शाम को सामूहिक दीपदान एवं गंगा आरती में भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत रामगंगा के घाटों पर स्वच्छता अभियान के साथ हुई। बच्चों ने घाटों पर फैले कचरे की सफाई की और नदी को प्रदूषण मुक्त रखने का संकल्प लिया। इसके बाद प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बच्चों ने नारे लगाकर स्थानीय ग्रामीणों को नदियों में कचरा नहीं फेंकने, नदी स्वच्छ रखने और जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार ने बच्चों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अपने संबोधन में नदियों के धार्मिक, सांस्कृतिक और वैज्ञानिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नदियां हमारी संस्कृति और जीवनदायिनी हैं। इनका संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। स्वच्छता को जीवन का अभिन्न अंग बनाकर ही घर, समाज और देश को स्वच्छ बनाया जा सकता है।

गंगा उत्सव के तहत बच्चों के लिए खेलकूद और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। नदी संरक्षण और सामान्य ज्ञान से जुड़े सवालों में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संध्या, भावना, शवाती, दृश्या, मनी, निधि, दिव्यांश, अंशु, देवेंद्र, गीता, प्राची और प्रियांशी को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का समापन शाम को रामगंगा तट पर सामूहिक दीपदान और गंगा आरती के साथ हुआ। बच्चों और शिक्षकों ने मिलकर दीपदान किया। सैकड़ों दीपों से जगमगाता रामगंगा घाट आकर्षण का केंद्र रहा। गंगा आरती के बाद श्रद्धालुओं और उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर नोडल शिक्षक प्रमोद कुमार, प्रधानाध्यापक डॉ. विनोद कुमार शर्मा, नवनीत कुमार यादव, प्रीति शर्मा, आशा राणा, रजी हसन, गुरबख्श सिंह, मोहिनी उषा और कुंता सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। गंगा उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता और सामूहिक सहभागिता के जरिए रामगंगा नदी के संरक्षण का संदेश दिया।

Aditya Sharma

Aditya Sharma

नाम: आदित्य शर्मा

वर्तमान पद: कैमरा पर्सन सह रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: बरेली शहर (उत्तर प्रदेश)

अनुभव: लगभग 10 वर्ष (दैनिक जनमोर्चा और न्यूज टुडे नेटवर्क)

बीट (मुख्य विषय): शिक्षा, खेल और राजनीति (साथ ही चिकित्सा, अपराध एवं स्थानीय घटनाएं)

परिचय

आदित्य शर्मा बरेली शहर के एक वरिष्ठ और बहुमुखी मीडियाकर्मी हैं, जो कैमरे के पीछे और ग्राउंड रिपोर्टिंग दोनों भूमिकाओं को कुशलता से संभालते हैं। वह बरेली महानगर और जिले में होने वाली दैनिक गतिविधियों—चाहे वह राजनीति हो, चिकित्सा हो या आपराधिक मामले—को प्रमुखता से कवर करते हैं। आदित्य शर्मा का विशेष ध्यान शिक्षा और खेल से जुड़ी खबरों पर रहता है, क्योंकि ये क्षेत्र सीधे युवाओं से जुड़े हुए हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

आदित्य शर्मा को मीडिया के क्षेत्र में लगभग 10 वर्षों का अनुभव प्राप्त है। इस दौरान उन्होंने निम्नलिखित प्रमुख संस्थानों के साथ कार्य किया है:

  • दैनिक जनमोर्चा
  • न्यूज टुडे नेटवर्क

शैक्षणिक योग्यता 

परास्नातक (Post Graduation): हिंदी साहित्य एवं अर्थशास्त्र

Next Story