गोवंशीय पशु के अवैध वध की तैयारी में चार गिरफ्तार, मुठभेड़ में दो को लगी गोली
बरेली में गोवंशीय पशु के अवैध वध की तैयारी कर रहे चार आरोपी गिरफ्तार हुए। मुठभेड़ में दो को गोली लगी, एक आरोपी फरार है।

तस्वीर में उत्तर प्रदेश पुलिस के जवान बरेली के बिथरी चैनपुर क्षेत्र में एक घायल आरोपी को पकड़े हुए नजर आ रहे हैं।
बरेली में पवित्र श्रावण मास के दौरान गोवंशीय पशु के अवैध वध की तैयारी कर रहे चार आरोपियों को थाना बिथरी चैनपुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके से एक गोवंशीय पशु और वध में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि परसोना नहर के पास कुछ लोग गोवंशीय पशु के अवैध वध की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुनेद निवासी कुतुब शाह की जारत, थाना यूबारादरी, राशिद निवासी जगतपुर गोटिया, थाना बारादरी, नसीम निवासी परसोना और मोहम्मद फजर निवासी परसोना को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में नसीम और राशिद के पैर में गोली लगी। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, मौके से मोहम्मद कासिम कुरैशी निवासी मोहल्ला कोर्ट, थाना बारादरी फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गोवंशीय पशु उन्हें परसोना निवासी शाकिर खान ने उपलब्ध कराया था। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई के बाद क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। पुलिस फरार आरोपी मोहम्मद कासिम कुरैशी की तलाश में जुटी हुई है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Aditya Sharma
नाम: आदित्य शर्मा
वर्तमान पद: कैमरा पर्सन सह रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: बरेली शहर (उत्तर प्रदेश)
अनुभव: लगभग 10 वर्ष (दैनिक जनमोर्चा और न्यूज टुडे नेटवर्क)
बीट (मुख्य विषय): शिक्षा, खेल और राजनीति (साथ ही चिकित्सा, अपराध एवं स्थानीय घटनाएं)
परिचय
आदित्य शर्मा बरेली शहर के एक वरिष्ठ और बहुमुखी मीडियाकर्मी हैं, जो कैमरे के पीछे और ग्राउंड रिपोर्टिंग दोनों भूमिकाओं को कुशलता से संभालते हैं। वह बरेली महानगर और जिले में होने वाली दैनिक गतिविधियों—चाहे वह राजनीति हो, चिकित्सा हो या आपराधिक मामले—को प्रमुखता से कवर करते हैं। आदित्य शर्मा का विशेष ध्यान शिक्षा और खेल से जुड़ी खबरों पर रहता है, क्योंकि ये क्षेत्र सीधे युवाओं से जुड़े हुए हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
आदित्य शर्मा को मीडिया के क्षेत्र में लगभग 10 वर्षों का अनुभव प्राप्त है। इस दौरान उन्होंने निम्नलिखित प्रमुख संस्थानों के साथ कार्य किया है:
- दैनिक जनमोर्चा
- न्यूज टुडे नेटवर्क
शैक्षणिक योग्यता
परास्नातक (Post Graduation): हिंदी साहित्य एवं अर्थशास्त्र
