चलती ट्रेन के गेट पर बैठा युवक नींद आने से गिरा, आरपीएफ ने जिला अस्पताल में कराया भर्ती
बरेली कैंट स्टेशन के पास चलती ट्रेन से गिरकर सुमित यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। वह दिल्ली से घर लौट रहा था और लखनऊ से दूसरी ट्रेन में बरेली आ रहा था। आरपीएफ ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

तस्वीर में घायल युवक अस्पताल के बेड पर लेटा हुआ दिखाई दे रहा है, जिसके सिर पर पट्टी बंधी है।
बरेली कैंट स्टेशन के पास चलती ट्रेन से गिरकर युवक सुमित यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही आरपीएफ पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया।
घायल सुमित यादव पुत्र अवनीश यादव ने बताया कि वह जिला बदायूं के थाना दातागंज क्षेत्र के गांव सिसईया खुर्द का रहने वाला है। बुधवार को वह अपनी पत्नी पूनम यादव को उसके मायके दिल्ली पहुंचाने गया था। इसके बाद रात में दिल्ली से ट्रेन से अपने घर वापस लौट रहा था। ट्रेन में उसे नींद आ गई और वह लखनऊ पहुंच गया।
सुमित यादव ने बताया कि लखनऊ से घर जाने के लिए वह दूसरी ट्रेन से बरेली आ रहा था। सफर के दौरान वह ट्रेन के गेट पर बैठा था। इसी दौरान उसे नींद आ गई और बरेली कैंट स्टेशन के पास वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ पुलिस मौके पर पहुंची। हेड कांस्टेबल भुवन सिंह ने घायल सुमित यादव को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
