बरल गांव में शराब ठेका हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन
झांसी के मोंठ तहसील में ग्रामीणों ने शराब ठेके से बिगड़ते माहौल और महिलाओं की सुरक्षा का हवाला देते हुए प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की है।

झांसी की मोंठ तहसील में एडीएम को शिकायत पत्र सौंपकर गांव के बीच से देशी शराब का ठेका हटाने की मांग करते ग्रामीण।
मोंठ तहसील क्षेत्र के बरल गांव में संचालित देशी शराब का ठेका ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। गांव की दर्जनों महिला-पुरुषों ने तहसील समाधान दिवस में एडीएम को लिखित शिकायत सौंपकर गांव के बीच स्थित शराब ठेके को तत्काल हटाने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेका खुलने के बाद से गांव का माहौल लगातार बिगड़ता जा रहा है और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर असर पड़ा है।
ग्रामीणों ने शिकायत में बताया कि शराब ठेके के आसपास दिनभर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। आए दिन गाली-गलौज, हुड़दंग और अभद्र व्यवहार की घटनाएं होती हैं। इसके कारण गांव की महिलाओं और स्कूली बच्चों का वहां से गुजरना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब एक वर्ष पहले ठेका खुलने के बाद से कई युवा शराब की लत में पड़ गए हैं, जिससे परिवारों पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
ग्रामीण दीपू ने बताया कि शराब ठेके के कारण गांव का माहौल पूरी तरह खराब हो चुका है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और महिलाओं को रोजाना असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। वहीं कपूरी ने कहा कि कई बार स्थानीय स्तर पर विरोध दर्ज कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रशासन से ठेका हटाकर गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की।
मामले में आबकारी इंस्पेक्टर अजय कुमार ने कहा कि 28 तारीख को आईजीआरएस के माध्यम से भी ग्रामवासियों की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि शराब ठेका स्कूल से 100 मीटर दूरी के भीतर और गांव के बीचों-बीच संचालित हो रहा है। उन्होंने कहा कि लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। आबकारी इंस्पेक्टर के अनुसार आबकारी विभाग के ठेकेदार को परेशान करने की साजिश रची जा रही है और झूठे प्रार्थना पत्र दिए जा रहे हैं।
गांव के बीच संचालित शराब ठेके को लेकर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच विवाद गहराता जा रहा है। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा का मुद्दा अब प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती बनकर उभरा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
