लखनऊ की विशेष एमपी-एमएलए अदालत ने 28 साल पुराने व्यापार कर भवन में आगजनी, तोड़फोड़ और मारपीट के मामले में पूर्व राज्यसभा सांसद एवं व्यापारी नेता बनवारी लाल कंछल समेत तीन आरोपियों को तीन-तीन साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश उमाकांत जिंदल ने बनवारी लाल कंछल, हुकुमचंद अग्रवाल और देशराज अग्रवाल को दोषी ठहराते हुए प्रत्येक पर 36-36 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। इससे पहले 20 नवंबर को अदालत ने तीनों की जमानत याचिकाएं खारिज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।

इस मामले में लखनऊ पुलिस ने विवेचना पूरी करने के बाद कुल छह आरोपियों बनवारी लाल कंछल, मोती चंद्र अग्रवाल, हुकुमचंद अग्रवाल, देशराज अग्रवाल, श्रीनिवास अग्रवाल और राजेंद्र कुमार अग्रवाल के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था। लगभग तीन दशक तक चले विचारण के दौरान आरोपी मोती चंद्र अग्रवाल और श्रीनिवास अग्रवाल की मृत्यु हो गई। वहीं, पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर अदालत ने छठे आरोपी राजेंद्र कुमार अग्रवाल को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया।

मामला 12 अगस्त 1998 का है। व्यापार कर विभाग के तत्कालीन असिस्टेंट कमिश्नर (प्रशासन) एमएम कटियार ने हजरतगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। एफआईआर के अनुसार, दोपहर करीब सवा एक बजे बनवारी लाल कंछल अपने साथियों मोतीलाल अग्रवाल, अशोक कुमार गुप्ता, श्रीनिवास अग्रवाल, हुकुमचंद अग्रवाल और देशराज सहित करीब 250 समर्थकों के साथ व्यापार कर कार्यालय में जबरन घुस आए थे।

आरोप था कि भीड़ में शामिल लोगों के हाथों में लाठी-डंडे और अवैध असलहे थे। कार्यालय में प्रवेश करते ही आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए सरकारी कामकाज ठप कर दिया। अधिकारियों ने विरोध किया तो उन पर जानलेवा हमला किया गया। इसके बाद परिसर में खड़े सरकारी वाहनों और भवन में तोड़फोड़ कर आगजनी की गई।

हजरतगंज पुलिस की ओर से आरोप पत्र दाखिल किए जाने के बाद अदालत ने 17 नवंबर 2006 को मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपियों को तलब किया था। कानूनी प्रक्रिया के बाद मई 2019 में आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए गए। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने कुल नौ गवाहों के बयान दर्ज कराए और पांच महत्वपूर्ण अभिलेखीय साक्ष्य प्रस्तुत किए। गवाहों की गवाही और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने बनवारी लाल कंछल, हुकुमचंद अग्रवाल और देशराज अग्रवाल को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई।

पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल और उनके परिवार के सदस्य इससे पहले भी कई मामलों को लेकर चर्चा में रहे हैं। 6 दिसंबर 2014 को लखनऊ कोर्ट परिसर में वकीलों के एक नाराज समूह ने कंछल को खींचकर बाहर निकाल लिया था। इसके बाद बीच सड़क पर उनकी पिटाई की गई, कपड़े फाड़े गए और उन्हें मुर्गा बनाया गया था।

फरवरी 2023 में लखनऊ की एमपी-एमएलए कोर्ट ने बिक्री कर अधिकारी से मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने के एक अन्य मामले में कंछल को दो साल की कैद और जुर्माने की सजा सुनाई थी। जुलाई 2024 में बाराबंकी पुलिस ने उनके बेटे अमित कंछल को एक प्रॉपर्टी डीलर से 2.20 करोड़ रुपये की ठगी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसके बाद अक्टूबर 2024 में चेक बाउंस के एक मामले में लखनऊ की अदालत ने अमित कंछल और उनकी पत्नी अर्पणा अग्रवाल को दो-दो साल के कारावास और 24 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी।

28 साल पुराने व्यापार कर भवन आगजनी और मारपीट प्रकरण में अदालत का यह फैसला लंबी न्यायिक प्रक्रिया के बाद आया है। नौ गवाहों और पांच अभिलेखीय साक्ष्यों के आधार पर तीन आरोपियों को दोषी ठहराया गया, जबकि एक आरोपी को साक्ष्यों के अभाव में दोषमुक्त किया गया।

Om Prakash Pal

Om Prakash Pal

नाम: ओम प्रकाश पाल

वर्तमान पद: स्वतंत्र पत्रकार, लेखक एवं स्तंभकार

कार्यक्षेत्र: नेशनल ब्यूरो (राष्ट्रीय स्तर)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, संसद, केंद्रीय मंत्रालय, कृषि, साहित्य, खेल एवं प्रशासन (बिजनेस को छोड़कर सभी विषयों पर कार्य)

पत्रकारिता अनुभव: लगभग 39 वर्ष

परिचय एवं अनुभव 

ओम प्रकाश पाल पिछले 39 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर नेशनल ब्यूरो में विशेष संवाददाता के रूप में लगभग 20 वर्षों तक संसद के दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) की रिपोर्टिंग की है।

एक मान्यता प्राप्त पत्रकार के रूप में उन्होंने केंद्रीय गृह, रक्षा, रेलवे, सड़क परिवहन, श्रम एवं रोजगार, जलशक्ति और कृषि जैसे प्रमुख केंद्रीय मंत्रालयों को कवर किया है।

विभिन्न समाचार पत्रों में योगदान:

  • अमर उजाला एवं दैनिक जागरण: पत्रकारिता के शुरुआती वर्षों का अनुभव।
  • शाह टाइम्स: न्यूज़ एडिटर (News Editor) के पद पर सेवाएं।
  • हरिभूमि (दिल्ली): वरिष्ठ संवाददाता के रूप में कार्य।

राजनीति विज्ञान और कृषि विषयों के जानकार होने के साथ-साथ उन्होंने साहित्य और खेल के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य किया है। वर्तमान में वह एक स्वतंत्र पत्रकार, लेखक और स्तंभकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता 

  • स्नातक (Graduate)
  • B.Ed (बैचलर ऑफ एजुकेशन)
  • पत्रकारिता में डिप्लोमा (Diploma in Journalism)
  • साहित्य रत्न
  • कृषि विशारद

Next Story