बलिया जिले में शनिवार को नगर स्थित शहीद पार्क चौक पर गांधी प्रतिमा के नीचे छात्रों और छात्र नेताओं ने प्रसिद्ध पर्यावरणविद व वैज्ञानिक सोनम वांगचुक के अनशन के समर्थन में एकदिवसीय उपवास रखकर सत्याग्रह किया। इस दौरान छात्रों ने पेपरलिक के मुद्दे पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को बुलंद किया।

छात्र नेताओं ने बताया कि दिल्ली के जंतर मंतर पर विगत 20 दिनों से सोनम वांगचुक पेपरलिक के विषय पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अनशनरत हैं। इसी आंदोलन के समर्थन में बलिया में एकदिवसीय उपवास आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों और छात्र नेताओं ने सरकार से इस मुद्दे पर ठोस कदम उठाने की मांग की।

उपवास पर बैठे छात्र नेता प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि आज देश में सरकार शिक्षा की जड़ों को खोखला कर रही है। उन्होंने कहा कि पेपरलिक, विश्वविद्यालयों की बजट कटौती, छात्रवृत्ति, फीसवृद्धि और छात्र संघ बहाली जैसे गंभीर विषयों को लेकर देश बड़े आंदोलन की ओर बढ़ रहा है। उनका आरोप था कि सरकार संवाद करने के बजाय सोनम वांगचुक को सुबह जंतर मंतर से तंत्रों का दुरुपयोग करके उठा ले गई। उन्होंने कहा कि सरकार आंदोलन को कुचलकर देश के छात्रों की आवाज को नहीं दबा सकती।

एकदिवसीय उपवास के संयोजक दिग्विजय पासवान और छात्र नेता अमन सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को ध्वस्त करके विश्वगुरु भारत कैसे बना सकती है। उन्होंने कहा कि आज पेपरलिक ने तैयारी कर रहे गरीब बच्चों के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द ठोस कदम उठाने और सोनम वांगचुक से संवाद स्थापित करने की मांग की।

उपवास को समर्थन देने पहुंचे संतोष प्रताप सिंह ने कहा कि अब देश के युवाओं को एकजुट होने और व्यापक लड़ाई लड़ने की आवश्यकता है। कार्यक्रम के दौरान कल्याण सिंह, छात्र नेता मनु कुमार, प्रीतम सिंह प्रधान, रमेश गिरी, अनुभव सिंह, जावेद, अभिषेक शर्मा, वीरेंद्र राजभर, चंदन कन्नौजिया, अभी सिंह, सागर तिवारी, सुजीत पटेल, जाहिद हुसैन, लोकेश यादव, सुधीर सिंह, हिमांशु यादव, राकेश कुमार, विशाल सिंह, मो. सलमान, पिंटू पांडे, बृजकिशोर सिंह, आनंद पाण्डेय, अनुराग पटेल, अनीश सिंह सहित कई अन्य लोगों ने भी अपना समर्थन दर्ज कराया। इस सत्याग्रह के माध्यम से छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सरकार से संवाद और ठोस कार्रवाई की मांग दोहराई।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story