बलिया में आगामी चेहल्लुम, श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलेगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और नगर पालिका को प्रमुख धार्मिक स्थलों तक जाने वाले मार्गों की मरम्मत शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। वहीं जल निगम (नगरीय) को धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा विद्युत विभाग को सभी धार्मिक स्थलों और यात्रा मार्गों पर लटक रहे बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को प्रमुख धार्मिक स्थलों पर, विशेषकर सोमवार के दिन, मेडिकल टीम तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों तथा शहरी क्षेत्रों में नगर पालिका को सौंपी गई। उन्होंने प्रमुख स्नान घाटों और धार्मिक स्थलों पर बैरिकेडिंग कराने के भी निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि चेहल्लुम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा, जबकि बालेश्वर मंदिर परिसर में महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला कांस्टेबल भी तैनात की जाएंगी।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने लोगों से अपील की कि वे बच्चों को नदी, घाटों और अन्य खतरनाक स्थानों पर सेल्फी लेने से रोकें। उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान वाहनों को इस तरह सजाने से बचने की भी सलाह दी, जिससे चालक का दृश्य बाधित हो और दुर्घटना की आशंका बढ़े।

उन्होंने श्रद्धालुओं से यह भी अपील की कि यदि यात्रा मार्ग पर कहीं भी बिजली के लटकते तार दिखाई दें तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित थाना या डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार, सीआरओ गुलशन जी, एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, सभी थाना प्रभारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि चेहल्लुम, श्रावण मास और कांवड़ यात्रा का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story