उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में सुजौली थाना क्षेत्र के ग्राम मंगलपुरवा निवासी युवक सौरभ के करीब एक महीने से लापता होने का मामला सामने आया है। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगने पर उसकी पत्नी सुमन देवी ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर पति की सकुशल बरामदगी की मांग की है।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, सौरभ 14 जून 2026 को मजदूरी के लिए घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। सुमन देवी ने बताया कि 29 जून 2026 को उनकी पति से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। इसके बाद से उसका मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा है।

पीड़िता का आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने उसके पति से तीन हजार रुपये उधार लिए थे। जब सौरभ ने अपने रुपये वापस मांगे तो वह टालमटोल करने लगा। इसके बाद से सौरभ का कोई पता नहीं चल रहा है। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन अब तक उसकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

सुमन देवी ने पुलिस अधीक्षक से मामले की गंभीरता से जांच कराने, पति की सकुशल बरामदगी सुनिश्चित करने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। लापता युवक को लेकर पूरा परिवार चिंतित है और उसके सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story