बदनौली गांव में फिर खूनी संघर्ष, ठेला हटाने के विवाद में चले लाठी-डंडे, 8 घायल
हापुड़ के बदनौली गांव में ठेला हटाने के विवाद ने हिंसक रूप लिया। लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने से करीब 8 लोग घायल हुए।

हापुड़ जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित बदनौली गांव में रास्ते में ठेला खड़ा करने और उसे हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियार भी चले। मारपीट में महिलाओं समेत दोनों पक्षों के करीब 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, बदनौली गांव में रास्ते में ठेला खड़ा करने को लेकर एक ही जाति के दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। ठेला हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर सड़क पर उतर आए। दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई, जिससे मौके पर अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई। संघर्ष में महिलाओं समेत करीब आठ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नगर कोतवाली पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और झगड़ा कर रहे लोगों को शांत कराया। पुलिस ने सभी घायलों को एम्बुलेंस के जरिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
बदनौली गांव में यह नया विवाद ऐसे समय हुआ है, जब गांव पहले से ही एक बड़ी हिंसक घटना के बाद तनाव में था। हाल ही में पुरानी रंजिश और बाइक हटाने के विवाद को लेकर दो पक्षों में पथराव और अंधाधुंध फायरिंग हुई थी। उस गोलीकांड में दीपक नामक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद सीओ सिटी और कोतवाल पर भी गाज गिरी थी।
उस घटना के कुछ ही दिन बाद ठेला हटाने को लेकर हुए नए खूनी संघर्ष ने गांव की स्थिति को फिर चर्चा में ला दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। अधिकारियों के अनुसार, लिखित शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई के बाद मामले में स्थिति और स्पष्ट होगी।

Sunil Giri
नाम: सुनील गिरि
वर्तमान पद: जिला संवाददाता
कार्यक्षेत्र: हापुड़ (उत्तर प्रदेश)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति एवं जिला स्तर की सभी बीट
विशेषज्ञता: राजनीतिक विश्लेषण, अपराध संबंधी कवरेज और जिला स्तरीय रिपोर्टिंग
परिचय
सुनील गिरि उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह हापुड़ से जिला संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सुनील गिरि मुख्य रूप से राजनीति और क्राइम (अपराध) से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। राजनीतिक विषयों पर सटीक विश्लेषण करने के साथ-साथ वह जिले की हर छोटी-बड़ी गतिविधि और जनसरोकार के सभी मुद्दों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
सुनील गिरि को टीवी, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 2002 से (20 से अधिक वर्षों का) लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह निम्नलिखित प्रमुख मीडिया संस्थानों व न्यूज़ चैनलों के साथ जुड़कर अपनी सेवाएं दे रहे हैं:
- पंजाब केसरी टीवी
- इंडिया डेली 24×7 न्यूज़ चैनल
- MH1 न्यूज़ चैनल
- रॉयल न्यूज़ (वेबसाइट)
- इंडिया पब्लिक खबर (वेबसाइट)
शैक्षणिक योग्यता
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (12th Pass) तक पूरी की है। दो दशकों से अधिक समय से हापुड़ जिले में लगातार सक्रिय रहने के कारण क्षेत्र की सामाजिक, प्रशासनिक और राजनीतिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव बहुत गहरा है।
