एटा में 17 कॉल के बाद भी डीएम ने नहीं किया कॉल बैक, मंत्री बेबी रानी मौर्य नाराज
एटा में कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने प्रोटोकॉल व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। मंत्री ने कहा कि डीएम अरविंद सिंह को 17 बार फोन के बावजूद कॉल रिसीव नहीं हुई और न ही कॉल बैक किया गया।

तस्वीर में उत्तर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य एटा कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों से बातचीत करते हुए नाराजगी जता रही हैं।
एटा में उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार बेबी रानी मौर्य उस समय नाराज हो गईं, जब उन्हें रिसीव करने की व्यवस्थाओं में कथित प्रोटोकॉल लापरवाही सामने आई। मंत्री की ओर से जिलाधिकारी एटा अरविंद सिंह को एक-दो नहीं, बल्कि 17 बार फोन कॉल किए जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि जिलाधिकारी ने न तो कोई कॉल रिसीव की और न ही बाद में कॉल बैक कर मंत्री को कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
मंत्री के स्वागत और उन्हें रिसीव करने के लिए किसी उपजिलाधिकारी को भी नहीं लगाया गया। कार्यक्रम से पहले मंत्री कलेक्ट्रेट पहुंचीं, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाना था। इसी दौरान जिलाधिकारी अरविंद सिंह आगे बढ़कर मंत्री का स्वागत करने पहुंचे और गुलदस्ता भेंट करना चाहा, लेकिन मंत्री ने गुलदस्ता लेने से इनकार कर दिया।
मंत्री बेबी रानी मौर्य ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वह व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के लिए लगातार फोन कर रही थीं, लेकिन उनकी कॉल रिसीव नहीं की गई। उन्होंने कहा कि उनका पीए भी लगातार फोन कर रहा था, इसके बावजूद कॉल बैक तक नहीं किया गया।
मंत्री ने जिलाधिकारी से कहा, “आप प्रोटोकॉल में हमसे बड़े हैं, इसलिए हमसे बात नहीं करेंगे?” उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की व्यवस्था नहीं चलेगी और जरूरत पड़ने पर वह मुख्यमंत्री को लिखेंगी।
इस दौरान जिलाधिकारी सफाई देते नजर आए, जबकि मंत्री की नाराजगी के बाद मौके पर मौजूद अधिकारी और कर्मचारी असहज दिखाई दिए। कार्यक्रम से पहले कलेक्ट्रेट परिसर में मंत्री और जिलाधिकारी के बीच हुई यह बातचीत अब चर्चा का विषय बनी हुई है।

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)
विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।
वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल
बीट (विस्तृत जानकारी):
- स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
- प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
- स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
- शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
- अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
- सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
- व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां
कार्य क्षेत्र:
जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश
अनुभव से जुड़ी जानकारी:
- क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
- 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
- वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।
शिक्षा से जुड़ी जानकारी:
स्नातक
