विकासखंड सौरिख के ग्राम पंचायत किसई के मजरा नगला पिम्मी में वर्षों से सड़क निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों का सब्र सोमवार को जवाब दे गया। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों समेत सैकड़ों ग्रामीणों ने गांव में प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। इस दौरान ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर सड़क बनवाने के नाम पर ₹50 हजार मांगने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव तक पहुंचने के लिए आज भी कोई पक्का रास्ता नहीं है। बरसात के दौरान पूरा मार्ग कीचड़ और जलभराव से भर जाता है, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है, जिन्हें तालाब के किनारे होकर स्कूल जाना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार खराब रास्ते के कारण कुछ बच्चे तालाब में गिर भी चुके हैं, हालांकि बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गए।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सड़क निर्माण नहीं कराया गया। उनका कहना है कि ग्राम प्रधान ने सड़क बनवाने के लिए ₹50 हजार की मांग की तथा परिक्रमा मार्ग बनवाने की बात कही। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि दूसरे मोहल्ले में आधी सड़क का निर्माण करा दिया गया, जबकि नगला पिम्मी की लगातार उपेक्षा की गई।

ग्रामीणों ने बताया कि पूरे गांव में पेयजल के लिए केवल एक हैंडपंप है, जिससे सभी परिवार पानी भरते हैं। सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं के अभाव में लोगों का जीवन कठिन हो गया है। महिलाओं ने कहा कि बरसात के दिनों में घर से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। बीमारों को अस्पताल पहुंचाने और बच्चों को स्कूल भेजने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं तो वे जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन में दीपू, रोशन, गोविंद, पिंटू, गुड्डू लाल, राम स्नेही, रामसेवक, मंटू, रवेंद्र, पिंकू, सतेंद्र, हरिचंद्र, महेंद्र, छोटेलाल, कमलेश, धर्मेंद्र, रिंकू, मिथुन, बिट्टी देवी, बिमला, सुखरानी, मिथलेश, किरण, राखी, शिवानी, आरती, सुनीता, गीता, रीना, भारती और सुशीला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Chandra Prakash, Kannauj (Uttar Pradesh)

Chandra Prakash, Kannauj (Uttar Pradesh)

नाम: चन्द्र प्रकाश

पद: जिला संवाददाता (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: कन्नौज (उत्तर प्रदेश)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम 

विशेष रुचि: खोजी पत्रकारिता, राजनीतिक विश्लेषण और अपराध से जुड़ी खबरें

परिचय 

चन्द्र प्रकाश उत्तर प्रदेश के इत्र नगरी कन्नौज क्षेत्र के एक ऊर्जावान और समर्पित डिजिटल पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' में जिला संवाददाता के रूप में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे रहे हैं। चन्द्र प्रकाश मुख्य रूप से क्राइम (अपराध) और राजनीतिक मामलों की रिपोर्टिंग में गहरी रुचि रखते हैं। हालांकि, अपनी बहुमुखी प्रतिभा के कारण वह वर्तमान में कन्नौज जिले से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और जनसरोकार की सभी प्रकार की खबरों को पूरी तत्परता से कवर कर रहे हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

चन्द्र प्रकाश को ग्राउंड रिपोर्टिंग और क्षेत्रीय पत्रकारिता का 5 वर्षों का एक मजबूत और सफल अनुभव है। पिछले आधा दशक से कन्नौज जिले में सक्रिय रहने के कारण स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और सामाजिक ताने-बाने पर उनकी बहुत अच्छी पकड़ है। वह निष्पक्षता के साथ जमीनी हकीकत को पाठकों के सामने लाने के लिए जाने जाते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

चन्द्र प्रकाश शैक्षणिक रूप से स्नातक (Graduate) हैं। उनकी उच्च शिक्षा और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण उन्हें खबरों की गहराई तक जाने और घटनाओं का सटीक व निष्पक्ष विवरण प्रस्तुत करने में मदद करता है।

Next Story