कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर बुलंदशहर के अनूपशहर स्थित बवस्टरगंज गंगा घाट पर राष्ट्र चेतना मिशन की ओर से दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संस्था के कार्यकर्ताओं ने 251 दीप गंगा में प्रवाहित कर उन अज्ञात और लावारिस मृतकों को श्रद्धांजलि दी, जिनका पिछले एक वर्ष में संस्था की ओर से विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया था। कार्यक्रम में दिवंगत आत्माओं की शांति और मोक्ष प्राप्ति के लिए प्रार्थना की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्र चेतना मिशन के अध्यक्ष हेमन्त सिंह ने बताया कि बुलंदशहर जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मिलने वाले अज्ञात एवं लावारिस शवों की शिनाख्त नहीं होने पर संस्था के कार्यकर्ता पूरे सम्मान और विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार करते हैं। उन्होंने कहा कि संस्था का यह कार्य मानवता के प्रति समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।

संस्था के अंतिम संस्कार सेवा प्रमुख अनिल गर्ग ने बताया कि प्रत्येक माह अनूपशहर गंगा तट पर सभी दिवंगतों का सामूहिक अस्थि विसर्जन किया जाता है। इसके साथ ही हर वर्ष कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर अज्ञात मृतकों की आत्मिक शांति और मोक्ष प्राप्ति की कामना के साथ दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।

संस्था पदाधिकारियों के अनुसार, पिछली कार्तिक पूर्णिमा के बाद से अब तक बुलंदशहर जनपद में लगभग 250 अज्ञात एवं लावारिस शवों का संस्था के कार्यकर्ताओं द्वारा अंतिम संस्कार किया जा चुका है। इन्हीं दिवंगत आत्माओं की पुण्य स्मृति में इस बार 251 दीप प्रज्वलित कर मां गंगा को समर्पित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुरोहित सौरभ गौड़ ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूर्ण विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। गंगा तट पर दीपों की रोशनी के बीच उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर राष्ट्र चेतना मिशन के अध्यक्ष हेमन्त सिंह, अंतिम संस्कार सेवा प्रमुख अनिल गर्ग, जिला संयोजक व्यापार प्रकोष्ठ न्यू गुप्ता, आरएसएस नगर संघचालक सुनील गुप्ता, डॉ. मुकेश गुप्ता, अभय गर्ग, डॉ. अखण्ड प्रताप सिंह, डॉ. एस. कुमार, अर्पित जैन, डॉ. मोहित माधव, कृष्ण मिश्रा, विवेक कुमार दौजी, यशाग्र भारद्वाज, चित्रांशु गौड़, अनिल कुमार गर्ग, देवेश शर्मा, पुलकित बंसल, हिमांशु बाल्मीकि, अरुण राजपूत, गुरुदत्त सैन, मुकुल कुमार एवं शिवम चौधरी सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अनूप शर्मा

अनूप शर्मा

नाम: अनूप शर्मा


पद: स्टाफ रिपोर्टर (Staff Reporter)


कार्यक्षेत्र: खुर्जा एवं आसपास का क्षेत्र (उत्तर प्रदेश)


बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (जनहित के मुद्दे, स्थानीय समाचार और सामाजिक विषय)


परिचय: अनूप शर्मा एक सक्रिय पत्रकार एवं लेखक हैं। वह जनहित से जुड़े मुद्दों, स्थानीय समाचारों और सामाजिक विषयों को प्रमुखता से अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने रखते हैं। वर्तमान में वह खुर्जा और आसपास के क्षेत्र से समाचारों का संकलन एवं प्रकाशन करते हैं। निष्पक्षता और सामाजिक सरोकारों के साथ जमीनी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की मुख्य पहचान है।


पत्रकारिता का अनुभव: अनूप शर्मा को मीडिया और प्रिंट प्रकाशन में कार्य करने का अच्छा अनुभव है: UP Police Monitor Magazine: पिछले 4 वर्षों से मासिक पत्रिका में स्टाफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत। The हिंद न्यूज 24: वर्ष 2026 की शुरुआत से रिपोर्टर के पद पर कार्यरत। प्रातःकाल: सितंबर 2026 से निरंतर जुड़े हुए हैं।


शैक्षणिक योग्यता (Education)वाणिज्य में स्नातकोत्तर (M.Com)

Next Story