शामली (यूपी)। हरियाणवी गायक अंकित बालियान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के नौ दिन बाद भी मामला शांत नहीं हुआ है। हत्याकांड के मुख्य आरोपी और एक-एक लाख रुपए के इनामी शार्प शूटर सत्यम और आर्यन अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। इसी बीच फरार शार्प शूटर सत्यम का धमकी भरा वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट सामने आने के बाद शामली में दहशत का माहौल है।

वायरल वीडियो और ऑडियो संदेश में शार्प शूटर सत्यम की आवाज बताई जा रही है। इसमें वह खुलेआम चुनौती देते हुए कह रहा है, “आने वाले समय में भाई दो मर्डर होंगे, ठीक है। और कोई उन्हें बचा सकता हो तो बचा लेना भाई, मारेंगे तो मारेंगे, छोड़ेंगे नहीं।” सोशल मीडिया पर ‘kady.4nsatyam’ नामक आईडी से घर के बाहर 400 गोलियां चलाने की धमकी भी दी गई है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने मृतक अंकित बालियान के परिवार की सुरक्षा और अधिक कड़ी कर दी है।

उल्लेखनीय है कि 26 अगस्त की शाम जिम से बाहर निकलते समय अंकित बालियान की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार दिन पूर्व मुठभेड़ में 50-50 हजार के इनामी दो शूटरों सुमित और मोहित को ढेर कर दिया था। हालांकि, मुख्य शूटर सत्यम कादयान और आर्यन संधू अब भी फरार हैं।

फरार शूटरों की तलाश में उत्तर प्रदेश पुलिस की 18 टीमें, विभिन्न जिलों की एसओजी और राम मंदिर सुरक्षा में तैनात रही स्पेशल टीम जुटी हुई हैं। चंडीगढ़, करनाल, पानीपत, सोनीपत, पंजाब और बिहार के पूर्णिया तक पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। जांच में सामने आया है कि फरार आरोपी बिहार के पूर्णिया में भी ठहरे थे, जहां एक स्थानीय युवती ने उनकी मदद की थी।

मामले के तार तिहाड़ और करनाल जेल से भी जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस अब करनाल जेल में बंद राकेश उर्फ पंपू और दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद रोहित को रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल करने जा रही है। पुलिस मुख्य साजिशकर्ताओं तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर रही है।

एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने सख्त चेतावनी दी है कि फर्जी आईडी बनाकर सोशल मीडिया पर अफवाह और धमकी फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रात में गश्त करने वाले पुलिस जवानों को भी अत्याधुनिक हथियारों से लैस रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। धमकी भरे वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई और पीड़ित परिवार की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी बढ़ गई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story