एटा जिले के अलीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अमरोली रतनपुर में गुरुवार तड़के हुए रहस्यमयी विस्फोट ने पूरे गांव में दहशत फैला दी। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि सतीश चंद्र गुप्ता पुत्र प्रेमी गुप्ता के मकान का मुख्य गेट अपनी जगह से उखड़कर दूर जा गिरा, जबकि मकान की कई दीवारों में दरारें पड़ गईं। धमाके की तेज आवाज से आसपास के लोग नींद से जाग गए और अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।

पीड़ित परिवार की रीता गुप्ता ने बताया कि रात करीब 12 बजे वे अपनी दुकान बंद कर घर पहुंचे थे। उस समय सड़क पर निर्माण कार्य चल रहा था। खाना खाने के बाद पूरा परिवार मकान की ऊपरी मंजिल पर सो गया। बिजली भी नहीं आ रही थी। तड़के अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। नीचे पहुंचकर देखा तो मकान का मुख्य गेट टूटकर अलग गिर चुका था और दीवारें भी कई स्थानों पर चटक गई थीं। उन्होंने बताया कि धमाका इतना तेज था कि कुछ देर तक परिवार के सदस्य समझ ही नहीं पाए कि आखिर यह विस्फोट कैसे हुआ।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पूरे गांव में विस्फोट को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

कोतवाली अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक रूपेश वर्मा ने बताया कि पुलिस को डायल-112 के माध्यम से घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वह स्वयं पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पड़ोसियों ने बताया कि रात्रि करीब 3 बजकर 40 मिनट पर अत्यंत तेज विस्फोट हुआ था।

प्रभारी निरीक्षक रूपेश वर्मा के अनुसार घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए गए हैं। जांच के लिए फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया। फिलहाल विस्फोट का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमाका किस कारण हुआ। मामले की गहन जांच जारी है और संकलित साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story