अमरोहा के नेशनल हाईवे 9 पर भीषण हादसा, मेरठ के डीसीएम चालक की मौत
गजरौला में खड़े ट्रक में पीछे से टकराई तेज रफ्तार डीसीएम, चालक केबिन में फंसा; अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।

तस्वीर में लाल शर्ट पहने दाढ़ी और मूंछ वाले व्यक्ति जितेंद्र की पासपोर्ट साइज फोटो है।
अमरोहा के गजरौला थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 9 पर बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे तेज रफ्तार डीसीएम आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर वाहनों की कतार लगने से जाम की स्थिति बन गई।
हादसा बुधवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे नेशनल हाईवे पर मुरादाबाद दिशा की ओर जुबिलेंट फैक्ट्री के पास हुआ। बताया जा रहा है कि डीसीएम चालक मेरठ से कानपुर कॉटन लेकर जा रहा था। आगे चल रहे ट्रक में डीसीएम की टक्कर के बाद चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के व्यापारी और राहगीर मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद डीसीएम चालक को बाहर निकाला। इसके बाद उसे नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 48 वर्षीय जितेंद्र पुत्र शिव नारायण निवासी दरवाजा कस्बा परीक्षितगढ़, थाना परीक्षितगढ़, जनपद मेरठ के रूप में हुई है।
हादसे के कारण नेशनल हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारु कराया। गजरौला थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि हादसे में डीसीएम चालक की मौत हुई है। डीसीएम और ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
