अमेठी के विशेषरगंज बाजार में सड़क निर्माण के दौरान अधूरी छोड़ी गई नाली अब स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। पूरे बाजार का दूषित पानी काली माई मंदिर के पास जमा होकर बह रहा है, जिससे श्रद्धालुओं, पुजारियों, दुकानदारों और बाजारवासियों में भारी आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार, अमेठी-किठावर संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण के दौरान कार्यदायी संस्था ने आरसीसी सड़क के साथ जल निकासी के लिए काली माई तिराहे तक नाली का निर्माण कराया था। हालांकि, नाली को किसी नाले या पुलिया से नहीं जोड़ा गया। इसके कारण बारिश का पानी और घरों से निकलने वाला गंदा पानी नाली से ओवरफ्लो होकर बाजारवासियों के घरों तथा संग्रामपुर-विशेषरगंज मार्ग पर बहते हुए काली माई मंदिर के पास पहुंच रहा है।



स्थिति यह है कि दुर्गंध के कारण काली माई तिराहे पर लोगों का रुकना भी मुश्किल हो गया है। इसका असर पटरी दुकानदारों, ग्राहकों और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं पर भी पड़ रहा है, जिन्हें रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बाजार निवासी एवं दुकानदार हनुमान पांडेय, शिवलाल गुप्ता, दिनेश वर्मा, रामदेव वर्मा, जितेंद्र कुमार गुप्ता और सुशील शुक्ला के साथ मंदिर के पुजारी मुरली प्रसाद व नरेंद्र प्रसाद गिरी ने इस व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पूरे बाजार का गंदा पानी मंदिर के पास छोड़ दिया गया है। सड़क पर बह रहे दूषित पानी और उससे उठ रही दुर्गंध के कारण लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्यदायी संस्था ने संग्रामपुर-विशेषरगंज मार्ग पर पुलिया बनाकर नाली को मालती नदी से नहीं जोड़ा, जिसके चलते जल निकासी की समस्या लगातार बनी हुई है। लोगों ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और कार्यदायी संस्था से जल्द पुलिया का निर्माण कराकर इस समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

इस मामले में पीडब्ल्यूडी के जूनियर इंजीनियर ओपी यादव ने बताया कि बाजारवासियों की समस्या विभाग के संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को मौके पर भेजकर नाली निर्माण अथवा अन्य विकल्प के माध्यम से समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। अब स्थानीय लोगों की नजर विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Updated On
Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story