अमेठी में पैतृक जमीन विवाद में किसान रामकरण की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार, चाकू और टूटी हाकी बरामद
अमेठी के मुसाफिरखाना में पैतृक जमीन विवाद में किसान रामकरण की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चाकू और टूटी हाकी बरामद की।

तस्वीर में अमेठी के मुसाफिरखाना थाना परिसर के बाहर पुलिसकर्मी गिरफ्तार आरोपियों और बरामद हथियारों के साथ खड़े हैं।
अमेठी के मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के पूरे भद्दौर गांव में पैतृक जमीन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। किसान रामकरण की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू और टूटी हुई हाकी भी बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात पूरे भद्दौर गांव निवासी किसान रामकरण की धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला कर हत्या कर दी गई थी। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप उसके सगे बड़े भाई गयाप्रसाद चौहान, भतीजे दीपक चौहान और उनके सहयोगी पर लगाया था।
मृतक के भाई रामचंद्र ने बताया कि परिवार में लंबे समय से पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि गयाप्रसाद जमीन में हिस्सा देने को तैयार नहीं थे। रविवार को रामकरण ने विवादित खेत की जुताई करवा दी थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। देर रात हुए विवाद में रामकरण पर हमला कर दिया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में थाना मुसाफिरखाना में मु0अ0सं0 185/2026 के तहत धारा 103(1), 127 एवं 3(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को पुलिस ने वांछित आरोपी गयाप्रसाद चौहान (60 वर्ष), दीपक चौहान (20 वर्ष) तथा विरई उर्फ तेजवीर सरोज (20 वर्ष) निवासी पूरे भद्दौर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और टूटी हुई हाकी बरामद हुई। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
