अलीगंज तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस शनिवार को स्वास्थ्य जागरूकता और टीबी उन्मूलन अभियान का बड़ा केंद्र बन गया, जहां स्वास्थ्य विभाग ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत विशेष मेगा हेल्थ एवं जनजागरूकता कैंप लगाकर संभावित मरीजों की सघन स्क्रीनिंग की। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सतीश चंद्र नागर के निर्देशन में आयोजित इस कैंप में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों की टीबी जांच, स्वास्थ्य परीक्षण और जागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं।

कैंप का मुख्य उद्देश्य टीबी जैसी गंभीर और संक्रामक बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा संभावित मरीजों की समय रहते पहचान कर उन्हें उपचार उपलब्ध कराना रहा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव और इलाज के बारे में विस्तार से जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि लगातार दो सप्ताह से अधिक खांसी आना, वजन कम होना, कमजोरी महसूस होना, भूख न लगना और लंबे समय तक बुखार रहना टीबी के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल सरकारी अस्पताल में जांच कराने की सलाह दी गई।

कैंप के दौरान एसटीएलएस सुधीर चौहान ने बताया कि शासन स्तर पर चलाए जा रहे 100 डेज टीबी कैंपेन के तहत विशेष रूप से वल्नरेबल पॉपुलेशन को कवर किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत कैंप में करीब 100 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। स्क्रीनिंग के दौरान संदिग्ध मरीजों की पहचान कर उन्हें आगे की जांच एवं उपचार के लिए चिन्हित किया गया।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक कैंप में मरीजों की बलगम जांच, डिजिटल एक्स-रे, बीपी जांच सहित करीब आधा दर्जन स्वास्थ्य परीक्षण कराए जाते हैं। जांच के माध्यम से टीबी के संभावित मरीजों को शुरुआती चरण में ही चिन्हित कर इलाज शुरू कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके और मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।

कैंप में मौजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को यह भी जानकारी दी कि टीबी का इलाज पूरी तरह संभव है और सरकार द्वारा इसकी जांच एवं दवाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों से अपील की कि टीबी जैसी बीमारी को छिपाने के बजाय समय पर जांच कराकर उपचार लें, जिससे स्वयं के साथ-साथ परिवार और समाज को भी सुरक्षित रखा जा सके।

संपूर्ण समाधान दिवस में लगे इस विशेष स्वास्थ्य कैंप को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया। स्वास्थ्य विभाग का यह अभियान न केवल टीबी मरीजों की शुरुआती पहचान की दिशा में अहम साबित हो रहा है, बल्कि ग्रामीण और वल्नरेबल आबादी तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के प्रयासों को भी मजबूती दे रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story