अलीगंज में भीषण सड़क हादसा: बोलेरो की टक्कर से ऑल्टो के उड़े परखच्चे, 10 घायल
अलीगंज के सराय रोड पर बोलेरो और ऑल्टो की भीषण टक्कर में पांच बच्चों समेत 10 लोग घायल हुए, जबकि एक महिला को रेफर किया गया।

तस्वीर में अलीगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक डॉक्टर अस्पताल के बेड पर लेटे हुए घायल मरीज का उपचार करते हुए नजर आ रहे हैं।
अलीगंज के सराय रोड पर कलिंजर के पास शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। बोलेरो और ऑल्टो कार की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक ही परिवार के पांच बच्चों समेत 10 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑल्टो कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें क्षतिग्रस्त ऑल्टो को देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
बताया गया कि नगला राम राय, जैथरा से लोग उनासी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अलीगंज सराय रोड पर कलिंजर के पास सामने से आ रही बोलेरो ने उनकी ऑल्टो कार में टक्कर मार दी। हादसे में सोनी पत्नी निर्देश, उम्र 25 वर्ष और श्वेता पत्नी अवनीश, उम्र 28 वर्ष घायल हुईं। दोनों सगी बहनें बताई गई हैं। इसके अलावा नगला मोहन निवासी योगेश कुमार पुत्र अबल, उम्र 35 वर्ष और कमला देवी पत्नी प्रेमपाल, उम्र 50 वर्ष भी घायल हुए हैं।
हादसे में पांच बच्चे भी घायल हुए हैं। घायल बच्चों की पहचान भास्कर, आर्यन, अभिषेक, परी और यदुवंश के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर दो एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज लाया गया।
घायल योगेश ने बताया कि वह अपने परिवार के लोगों के साथ ऑल्टो कार से जा रहे थे। इसी दौरान बोलेरो चालक ने उनकी ऑल्टो कार में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सीएचसी अलीगंज के चिकित्सक डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि सभी घायलों को दो एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। यहां सभी का उपचार किया गया। एक घायल महिला सोनी की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है। बाकी सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली अलीगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
अलीगंज पुलिस के दरोगा हृदेश कुमार दुबे ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। पुलिस के मौके पर पहुंचने तक बोलेरो में सवार कोई भी व्यक्ति घटनास्थल पर नहीं मिला। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज भिजवाया गया है। अभी मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। घटना की जांच-पड़ताल की जा रही है और थाना स्तर से आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)
विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।
वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल
बीट (विस्तृत जानकारी):
- स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
- प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
- स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
- शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
- अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
- सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
- व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां
कार्य क्षेत्र:
जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश
अनुभव से जुड़ी जानकारी:
- क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
- 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
- वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।
शिक्षा से जुड़ी जानकारी:
स्नातक
