अलीगंज थाना क्षेत्र के अमरोली रतनपुर गांव के पास पुल के निकट शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत 10 लोग घायल हो गए। सवारियों से भरे ऑटो में सामने से आ रही तेज रफ्तार वैगनआर कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें सवार यात्री सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोगों में अफरा-तफरी फैल गई।

जानकारी के अनुसार ऑटो में करीब 10 से 12 लोग सवार थे, जो अलग-अलग स्थानों पर जा रहे थे। इसी दौरान अमरोली रतनपुर पुल के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार वैगनआर कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो पलट गया और महिलाएं, बच्चे समेत कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया तथा पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना अलीगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। हादसे के बाद तीन एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। गंभीर हालत में घायल रानी देवी और बलस्टर को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।

हादसे में घायल खुशीराम पुत्र रामचंद्र उम्र 50 वर्ष निवासी ढीबऊआ बताए गए हैं, जो कोल्हापुर से अपने गांव लौट रहे थे और अलीगंज से ऑटो में सवार हुए थे। वहीं बलस्टर पुत्र जगन्नाथ सिंह उम्र 65 वर्ष निवासी पहरा गांव थाना राजा का रामपुर भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके अलावा आशुतोष पुत्र मनोज उम्र 12 वर्ष निवासी जाजलपुर थाना अलीगंज, सरिता देवी पत्नी मनोज उम्र 35 वर्ष निवासी जाजलपुर, मनोज पुत्र प्रताप सिंह उम्र 38 वर्ष निवासी जाजलपुर, रानी देवी पत्नी दयाशंकर निवासी बिछिया गांव थाना बागवाला, ब्रजेश पुत्र अमीर सिंह उम्र 28 वर्ष निवासी नगला बल्लभ, मधु पत्नी भूपेंद्र उम्र 27 वर्ष निवासी गणेशपुर जनपद फर्रुखाबाद, दीपांशु पुत्र भूपेंद्र उम्र 11 वर्ष निवासी मज्जपुर तथा शीला पत्नी गिरीश उम्र 40 वर्ष निवासी गणेशपुर थाना मेरापुर जनपद फर्रुखाबाद घायल हुए हैं।

हादसे में घायल एक सवारी ने बताया कि ऑटो में करीब 10 से 12 लोग बैठे हुए थे और सभी अलग-अलग स्थानों के लिए जा रहे थे। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार वैगनआर कार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो पलट गया और सभी लोग घायल हो गए।

थाना अध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई थी। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया जा रहा है तथा थाना स्तर से आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अमरोली रतनपुर पुल पर हुआ यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों को उजागर कर गया। हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story