अलीगंज क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर हुए विवाद का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है। वायरल ऑडियो में विद्युत विभाग के एक संविदा कर्मचारी द्वारा कथित रूप से सांसद और मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा के प्रयोग का आरोप सामने आया है। मामला सामने आते ही विभागीय स्तर पर तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई।



जानकारी के अनुसार, अमोघपुर भाटान क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने को लेकर बंदा गांव, नायगांव थाना निवासी तिलक सिंह और विद्युत विभाग के संविदा लाइनमैन अरविंद कुमार उर्फ कल्लन के बीच फोन पर बातचीत हो रही थी। इस दौरान ग्रामीण ने लगातार बिजली कटौती को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए सवाल किए, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई।

वायरल ऑडियो के अनुसार, बातचीत के दौरान तिलक सिंह द्वारा लाइनमैन को फटकार लगाई गई, जिसके जवाब में लाइनमैन ने कहा कि “सरकार तुम्हारी है, अगर तुम्हारी सरकार में बिजली नहीं आ रही तो इसमें मेरी क्या गलती है।” इसके बाद बहस और अधिक तीखी हो गई तथा दोनों पक्षों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बन गई। आरोप है कि इसी दौरान आक्रोश में संविदा लाइनमैन अरविंद कुमार उर्फ कल्लन ने सांसद फर्रुखाबाद मुकेश राजपूत और मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया।

घटना का ऑडियो किसी व्यक्ति द्वारा रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिसके बाद यह विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से फैल गया। मामला जब विद्युत विभाग के अधिकारियों तक पहुंचा तो इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कराई गई।

प्रारंभिक जांच में वायरल ऑडियो को सही पाए जाने के बाद विभागीय अनुशासनहीनता मानते हुए अलीगंज के एसडीओ अतुल कुमार ने संविदा लाइनमैन अरविंद कुमार उर्फ कल्लन को तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया। साथ ही इस संबंध में कार्यवाही का पत्र अपने अधीनस्थ अधिकारियों को भेज दिया गया।

एसडीओ अतुल कुमार ने स्पष्ट किया कि विभागीय कर्मचारियों को आम जनता के साथ मर्यादित व्यवहार करने के निर्देश पूर्व से दिए गए हैं और किसी भी प्रकार की अभद्र भाषा या अनुचित आचरण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि बिजली आपूर्ति संबंधी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता पर लिया जा रहा है तथा उपभोक्ताओं से संयम बनाए रखने की अपील की गई है। यह घटना विभागीय अनुशासन और सार्वजनिक संवाद की मर्यादा को लेकर एक महत्वपूर्ण संदेश के रूप में सामने आई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story