अलीगंज (एटा)। सावन माह में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों में तेजी लाई है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात प्रशासनिक दावों से मेल खाते नजर नहीं आ रहे हैं। जिलाधिकारी अरविंद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में यात्रा मार्गों की मरम्मत सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए थे, बावजूद इसके अलीगंज क्षेत्र के प्रमुख कांवड़ मार्गों पर अब भी जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं।

एटा के जिलाधिकारी अरविंद सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को सभी संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, सड़क मरम्मत और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को तय समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में विशेष रूप से लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को कांवड़ यात्रा मार्गों पर गड्ढों का भराव, पेचवर्क, सड़क की पटरी की साफ-सफाई तथा झाड़ियों की कटाई कराने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, प्रशासनिक निर्देशों के बाद अलीगंज क्षेत्र के प्रमुख कांवड़ मार्गों का जायजा लेने पर स्थिति अलग दिखाई दी।

अलीगंज-फर्रुखाबाद (कायमगंज) मार्ग, अलीगंज-एटा मार्ग, अलीगंज-कंपिल मार्ग और अलीगंज-सराय अघात मार्ग पर कई स्थानों पर सड़कें गहरे गड्ढों में तब्दील मिलीं। इन मार्गों से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं और कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त भी इन्हीं रास्तों से होकर गुजरेंगे। ऐसे में सड़कों की खराब स्थिति श्रद्धालुओं और अन्य राहगीरों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।

अलीगंज विकासखंड क्षेत्र के नगला पड़ाव निवासी अनिल भदौरिया ने आरोप लगाया कि सड़क करीब छह महीने से बदहाल है। उन्होंने बताया कि तीन दिन पहले मक्का से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर बने गड्ढों के कारण पलट गई थी। इसके अलावा आए दिन ई-रिक्शा और अन्य छोटे वाहन भी गड्ढों की वजह से दुर्घटनाग्रस्त होते रहते हैं, जिससे लोगों को चोटें आती हैं।

अनिल भदौरिया के अनुसार, यह मार्ग अलीगंज को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, लेकिन लंबे समय से इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।

राहगीर उपदेश कुमार ने बताया कि उनका इस मार्ग से प्रतिदिन आना-जाना होता है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण वाहन चलाना जोखिम भरा हो गया है। उन्होंने कहा कि यहां आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं और कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सड़क की मरम्मत कराना बेहद जरूरी है।

अलीगंज के उपजिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता ने बताया कि जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी विभाग को कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी यात्रा मार्गों के गड्ढे भरने और आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा करने के लिए पुनः निर्देशित किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

एटा के जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने कहा कि लोक निर्माण विभाग को यात्रा मार्गों पर गड्ढों का भराव, पेचवर्क, सड़क पटरी की सफाई और झाड़ियों की कटाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि नगर निकायों को यात्रा मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, मोबाइल शौचालय, जल निकासी, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही विद्युत विभाग को यात्रा मार्गों पर स्थित विद्युत पोलों को सुरक्षा की दृष्टि से पॉलिथीन से कवर करने, ट्रांसफार्मरों के चारों ओर सुरक्षा जाल लगाने तथा उन्हें भी सुरक्षित ढंग से ढकने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी प्रकार की विद्युत दुर्घटना न हो।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी विभाग निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने दायित्वों का गुणवत्ता के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही, शिथिलता या उदासीनता पाई गई तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मामले में विभागीय पक्ष जानने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), एटा के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) ललित अग्रवाल से कई बार मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। समाचार लिखे जाने तक पीडब्ल्यूडी विभाग का आधिकारिक पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story