जनता महाविद्यालय कैलठा में 5 फीट लंबी जहरीली नागिन से मचा हड़कंप, आधे घंटे चला रेस्क्यू अभियान
एटा के अलीगंज स्थित जनता महाविद्यालय कैलठा में 5 फीट लंबी इंडियन स्पेक्टेकल्ड कोबरा मिलने से हड़कंप मच गया। वन विभाग ने आधे घंटे के रेस्क्यू अभियान में नागिन को सुरक्षित पकड़ा।

तस्वीर में दिख रही एक कोबरा सांप को स्नेक कैचर स्टिक की मदद से फर्श पर काबू में करने का प्रयास किया जा रहा है।
अलीगंज क्षेत्र के ग्राम कैलठा स्थित जनता महाविद्यालय में मंगलवार देर रात उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब परिसर में करीब 5 फीट लंबी जहरीली नागिन दिखाई दी। नागिन के दिखाई देने की सूचना मिलते ही कॉलेज परिसर में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई, जिसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद नागिन को सुरक्षित पकड़ लिया।
वन विभाग के धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि रेस्क्यू के दौरान पता चला कि नागिन फ्रिज के नीचे छिपी हुई थी, जिससे उसे बाहर निकालना आसान नहीं था। टीम ने अत्यंत सावधानी और प्रशिक्षित तरीके से रेस्क्यू शुरू किया। जैसे ही नागिन को बाहर निकालने का प्रयास किया गया, वह बेहद आक्रामक हो गई। उसने कई बार फन फैलाकर जोरदार फुफकार भरी और रेस्क्यू के लिए इस्तेमाल की जा रही स्नेक पिन पर लगातार हमला करती रही। इस दौरान नागिन ने कई बार भागने की कोशिश भी की, लेकिन टीम ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए उसे सुरक्षित काबू में कर लिया।
उन्होंने बताया कि पकड़ी गई नागिन इंडियन स्पेक्टेकल्ड कोबरा (Indian Spectacled Cobra) प्रजाति की है, जिसे भारत के सबसे विषैले सांपों में गिना जाता है। समय रहते रेस्क्यू कर लिए जाने से किसी प्रकार की जनहानि या अप्रिय घटना नहीं हुई।
रेस्क्यू अभियान में वन विभाग की टीम के संजय कुमार एवं धर्मेंद्र प्रजापति ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दोनों कर्मचारियों ने पूरी सतर्कता और पेशेवर तरीके से नागिन को सुरक्षित पकड़कर उसे किसी प्रकार की क्षति पहुंचाए बिना अलीगंज के आरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया, ताकि वह अपने प्राकृतिक वातावरण में रह सके।
घटना का रेस्क्यू वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नागिन का आक्रामक व्यवहार साफ दिखाई देता है। वीडियो में वह फन फैलाकर लगातार फुफकारती नजर आ रही है और रेस्क्यू टीम के उपकरण पर कई बार हमला करती दिखाई देती है। इसके बावजूद वन विभाग की टीम ने संयम बनाए रखा और सफलतापूर्वक रेस्क्यू अभियान पूरा किया।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि घर, विद्यालय, खेत या किसी अन्य स्थान पर सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही उसे मारने या स्वयं पकड़ने का प्रयास करें। ऐसे मामलों में तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम सुरक्षित तरीके से सांप को पकड़कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ सके। इससे मानव जीवन के साथ-साथ वन्यजीव संरक्षण भी सुनिश्चित होता है।

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)
विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।
वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल
बीट (विस्तृत जानकारी):
- स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
- प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
- स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
- शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
- अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
- सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
- व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां
कार्य क्षेत्र:
जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश
अनुभव से जुड़ी जानकारी:
- क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
- 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
- वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।
शिक्षा से जुड़ी जानकारी:
स्नातक
