विकासखंड अलीगंज क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने पंचायतों के अधिकारों की रक्षा, समय पर पंचायत चुनाव कराने तथा वर्तमान ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी अलीगंज शिव शंकर शर्मा को सौंपा। इस दौरान ग्राम प्रधानों ने स्पष्ट रूप से कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पंचायत चुनाव समय पर कराना अनिवार्य है।

ग्राम प्रधानों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाने और गांवों के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। ग्राम प्रधान जनता द्वारा निर्वाचित प्रतिनिधि होते हैं, जो गांव की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को धरातल पर लागू कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रधानों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि किसी कारणवश पंचायत चुनाव समय पर नहीं कराए जाते और पंचायतों में प्रशासकों की नियुक्ति की जाती है तो इससे ग्रामीण विकास योजनाओं की पारदर्शिता एवं जवाबदेही प्रभावित होगी। साथ ही गांवों की समस्याओं के समाधान में भी विलंब होगा। उन्होंने कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधियों के स्थान पर प्रशासकों की नियुक्ति लोकतांत्रिक व्यवस्था की भावना के विपरीत है।

ज्ञापन के माध्यम से ग्राम प्रधानों ने सरकार के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखीं। इनमें प्रदेश में पंचायत चुनाव समय पर कराए जाने की मांग प्रमुख रही। साथ ही यह भी कहा गया कि यदि किसी भी कारण से समय पर चुनाव संभव न हो तो वर्तमान ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए। इसके अतिरिक्त पंचायतों के अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की गई।

ग्राम प्रधानों ने यह भी कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं, जिनके माध्यम से गांवों में सड़क, सफाई, पेयजल, आवास, स्वास्थ्य सहित विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जाता है। ऐसे में पंचायत प्रतिनिधियों को अधिकारों से वंचित करना उचित नहीं होगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान विकासखंड अलीगंज क्षेत्र के ग्राम प्रधान चंद्रशेखर, राजकुमार सिंह, अखिलेश सिंह, ललित मोहन मिश्रा, देवेंद्र सिंह, अहमद, बारिश खान, अजीत प्रताप सिंह सहित विकासखंड क्षेत्र के सभी ग्राम प्रधान मौजूद रहे। सभी प्रधानों ने पंचायतों के अधिकारों की सुरक्षा और लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने की मांग को लेकर एकजुटता प्रदर्शित की।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story