दिव्यांग से मारपीट के बाद बचाने आई भाभी को बाल पकड़कर गली में खींचा, दोनों घायल
अलीगंज के फरसोली गांव में ट्राई साइकिल के चारपाई से टकराने पर विवाद के बाद दिव्यांग से मारपीट का आरोप है। बचाने आई भाभी को बाल पकड़कर गली में खींचने और दीवार में सिर मारने का भी आरोप लगाया गया।

तस्वीर में अलीगंज के फरसोली गांव में मारपीट की घटना के बाद घायल महिला के गले और एक अन्य व्यक्ति की पीठ पर आए चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं.
अलीगंज। कोतवाली अलीगंज क्षेत्र के फरसोली गांव में ट्राई साइकिल के चारपाई से टकराने को लेकर हुए विवाद में दिव्यांग व्यक्ति और उसकी भाभी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दिव्यांग को बचाने पहुंची उसकी भाभी को आरोपियों ने बाल पकड़कर घर से बाहर गली में खींच लिया और जमीन पर गिराकर पीटा। घटना में दोनों घायल हो गए।
फरसोली निवासी रामप्रकाश उर्फ रामू मिश्रा पुत्र राम सरन ने बताया कि वह ट्राई साइकिल से जा रहे थे। रास्ते में उनके चाचा रामविलास की चारपाई पड़ी थी, जिससे उनकी ट्राई साइकिल टच हो गई। आरोप है कि इसी बात को लेकर ब्रज मोहन ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
रामप्रकाश के मुताबिक, वह विवाद से बचने के लिए अपने घर चले गए। आरोप है कि इसके बाद दूसरे पक्ष के लोग उनके घर पहुंच गए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्हें बचाने के लिए उनकी भाभी पप्पी देवी आगे आईं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की।
पप्पी देवी ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके बाल पकड़कर उन्हें घर से बाहर गली में खींच लिया। इसके बाद जमीन पर गिराकर उनके साथ मारपीट की गई। महिला का यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान उसका सिर दीवार में मार दिया गया, जिससे वह घायल हो गई।
रामप्रकाश ने आरोप लगाया कि मौके पर आधा दर्जन से अधिक लोग मौजूद थे, जिन्होंने दोनों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। घटना के बाद दोनों घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया।
कोतवाली अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक रूपेश वर्मा ने बताया कि दोनों घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर थानास्तर से आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई तहरीर और चिकित्सीय परीक्षण के आधार पर होगी।

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)
विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।
वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल
बीट (विस्तृत जानकारी):
- स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
- प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
- स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
- शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
- अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
- सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
- व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां
कार्य क्षेत्र:
जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश
अनुभव से जुड़ी जानकारी:
- क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
- 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
- वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।
शिक्षा से जुड़ी जानकारी:
स्नातक
