अलीगंज (एटा)। प्रदेश सरकार के सर्व शिक्षा अभियान के तहत शनिवार को अलीगंज विकासखंड में शिक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय, अलीगंज से अलीगंज विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर ने हरी झंडी दिखाकर किया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अलीगंज के अध्यक्ष प्रतिनिधि सुजीत गुप्ता 'बॉबी', खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार, शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षामित्र, छात्र-छात्राएं तथा कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



रैली को रवाना करने से पूर्व आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि शिक्षा किसी भी व्यक्ति, समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है। उन्होंने कहा कि एक शिक्षित समाज ही विकास की नई ऊंचाइयों को छू सकता है। सरकार की मंशा है कि प्रदेश का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से शिक्षा विभाग लगातार अभियान चलाकर ऐसे बच्चों को चिन्हित कर विद्यालयों में प्रवेश दिला रहा है, जो अभी तक स्कूल नहीं पहुंच पाए हैं।

उन्होंने कहा कि प्राथमिक शिक्षा बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव होती है। यदि प्रत्येक बच्चा विद्यालय जाएगा तो उसका भविष्य उज्ज्वल होगा और वह देश व समाज के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेगा। विधायक ने अभिभावकों से अपने बच्चों का समय पर विद्यालयों में नामांकन कराने और उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील भी की।

नगर पालिका परिषद अलीगंज के अध्यक्ष प्रतिनिधि सुजीत गुप्ता 'बॉबी' ने कहा कि शिक्षा से बड़ा कोई धन नहीं है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह शिक्षा के महत्व को समझे और अपने आसपास ऐसे परिवारों को प्रेरित करे, जिनके बच्चे अभी भी विद्यालय नहीं जा रहे हैं। उनके अनुसार बच्चों को शिक्षा से जोड़ना केवल सरकार या शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है।

खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि सर्व शिक्षा अभियान के तहत विकासखंड के सभी विद्यालयों में विशेष नामांकन अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य शत-प्रतिशत नामांकन, ड्रॉपआउट बच्चों की विद्यालयों में वापसी, नियमित उपस्थिति बढ़ाना तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि रैली के माध्यम से लोगों को शिक्षा के अधिकार, सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं तथा बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए जागरूक किया गया।

रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर "हर बच्चा स्कूल जाए", "हर बच्चा पढ़े-हर बच्चा बढ़े", "शिक्षा है जीवन का अधिकार" और "बेटा-बेटी एक समान, दोनों को दो उत्तम ज्ञान" जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। रैली बीईओ कार्यालय से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से निकली और विभिन्न स्थानों पर लोगों को शिक्षा का महत्व समझाया गया।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने अभिभावकों को सरकारी विद्यालयों में संचालित योजनाओं, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, यूनिफॉर्म, मध्यान्ह भोजन तथा अन्य सुविधाओं की जानकारी भी दी। रैली का समापन पुनः बीईओ कार्यालय परिसर में हुआ, जहां सभी ने यह संकल्प लिया कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा और शत-प्रतिशत नामांकन के लक्ष्य को हर हाल में पूरा किया जाएगा।

Updated On
Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)

विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।

वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल

बीट (विस्तृत जानकारी):

  • स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
  • प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
  • स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
  • शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
  • अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
  • सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
  • व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां


कार्य क्षेत्र:

      जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश

      अनुभव से जुड़ी जानकारी:

      • क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
      • ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
      • 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
      • वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।



      शिक्षा से जुड़ी जानकारी:

      स्नातक


    Next Story