सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अलीगंज क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल करते हुए शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 23 किशोरियों का निशुल्क एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन किया। चिकित्सकों की निगरानी में सुरक्षित तरीके से टीकाकरण कराया गया। स्वास्थ्य विभाग लगातार किशोरियों और अभिभावकों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के प्रति जागरूक कर रहा है।

सीएचसी अलीगंज में आयोजित टीकाकरण कार्यक्रम में क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से किशोरियां पहुंचीं। टीकाकरण से पूर्व स्वास्थ्यकर्मियों ने किशोरियों और उनके अभिभावकों को एचपीवी वैक्सीन के फायदे, इसकी उपयोगिता और सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। टीकाकरण के बाद भी किशोरियों को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया, ताकि किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एचपीवी वैक्सीन किशोरियों में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में प्रभावी मानी जाती है। समय पर टीकाकरण से भविष्य में इस गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। विभाग ने इसे किशोरियों के स्वास्थ्य सुरक्षा अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

टीकाकरण के लिए पहुंचीं किशोरियों के अभिभावकों ने सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान को सराहनीय बताया। उनका कहना था कि कम उम्र में यह वैक्सीन लगने से सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव है। अभिभावकों ने अन्य लोगों से भी अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज के चिकित्साधीक्षक डॉ. अश्वनी मित्तल ने बताया, “आज सीएचसी अलीगंज पर 14 से 15 वर्ष तक की 23 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई है। यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है, जो सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में सहायक है। सभी अभिभावकों से अपील है कि वे अपनी बेटियों को समय पर यह टीका जरूर लगवाएं। यह टीकाकरण पूरी तरह निशुल्क है और चिकित्सकों की देखरेख में कराया जा रहा है।”

टीकाकरण अभियान के दौरान एएनएम संघमित्रा गुलशन, ममता यादव, पायल मिश्रा सहित कई अन्य एएनएमों ने किशोरियों को वैक्सीन लगाई। कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज के चिकित्सा अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार, चीफ फार्मासिस्ट सुरेश चंद्रा, एकाउंट मैनेजर विमल मिश्रा तथा कंप्यूटर ऑपरेटर आर्यन सक्सेना सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र के लोगों से इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाने और किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करने की अपील की है। अलीगंज सीएचसी में आयोजित यह अभियान किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण और भविष्य की गंभीर बीमारियों की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story