अलीगंज बस स्टैंड पर ओवरलोड ऑटो का संचालन, एआरटीओ चलाएंगे कार्रवाई अभियान
निर्धारित क्षमता से अधिक 10 से 15 सवारियां बैठाने से परिसर में अव्यवस्था और हादसे का खतरा बढ़ा, पुलिस के सहयोग से यातायात माह के तहत सख्त कार्रवाई की तैयारी।

अलीगंज बस स्टैंड पर क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने वाले ओवरलोड ऑटो चालकों पर एआरटीओ जल्द कार्रवाई करेंगे।
अलीगंज बस स्टैंड परिसर में ऑटो चालकों की मनमानी यात्रियों की सुरक्षा पर भारी पड़ रही है। यातायात नियमों की अनदेखी कर चालक एक ऑटो में 10 से 15 सवारियां बैठाकर खुलेआम वाहनों का संचालन कर रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि बस स्टैंड परिसर के अंदर से ही यात्रियों को बैठाकर ऑटो रवाना किए जा रहे हैं। इससे परिसर में अव्यवस्था के साथ किसी बड़े हादसे की आशंका भी बनी हुई है। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद अब एआरटीओ ने पुलिस के सहयोग से कार्रवाई का अभियान चलाने की बात कही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अलीगंज बस स्टैंड पर निर्धारित क्षमता से कई गुना अधिक सवारियां बैठाकर ऑटो चलाने का सिलसिला लगातार जारी है। कई ऑटो में 10 से 15 यात्रियों को ठूंसकर बैठाया जाता है। स्थिति यह है कि यात्रियों को ठीक से बैठने तक की जगह नहीं मिलती। इसके बावजूद अधिक कमाई के चक्कर में चालक उनकी सुरक्षा को नजरअंदाज कर रहे हैं।
क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर वाहन चलाने से संतुलन बिगड़ने, अचानक ब्रेक लगाने और मोड़ पर ऑटो पलटने जैसी घटनाओं का खतरा बना रहता है। बस स्टैंड परिसर के भीतर से ही ऑटो में सवारियां भरने के कारण वहां यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
रोकने पर बस स्टैंड कर्मचारियों से उलझते हैं चालक
स्थानीय निवासी विक्रम बाथम ने बताया कि बस स्टैंड परिसर में आए दिन हादसे की आशंका बनी रहती है। ऑटो चालक 10 से 15 सवारियां तक बैठाकर ले जाते हैं, जबकि यह संख्या ऑटो की निर्धारित क्षमता से बहुत अधिक है। इससे यात्रियों की जान जोखिम में रहती है।
उन्होंने बताया कि बस स्टैंड के अधिकारी जब ऑटो चालकों को परिसर के अंदर सवारियां बैठाने से रोकते हैं तो कुछ चालक उनके साथ भी विवाद करने लगते हैं। इससे परिसर में व्यवस्था बनाए रखने में परेशानी होती है।
सवारियां बैठाने को लेकर ऑटो चालकों में भी विवाद
स्थानीय निवासी स्वदेश ने बताया कि बस स्टैंड परिसर में सवारियों को बैठाने को लेकर ऑटो चालकों के बीच आए दिन झगड़े की स्थिति बनती है। चालक निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक यात्रियों को बैठाकर ले जाते हैं। इससे यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ने के साथ बस स्टैंड परिसर में अव्यवस्था बनी रहती है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर ओवरलोड ऑटो के संचालन पर रोक लगाने की मांग की।
यातायात माह में अलीगंज में भी चलेगा कार्रवाई अभियान
मामले में एआरटीओ शिवम यादव ने बताया कि वर्तमान में यातायात माह चल रहा है। इसके तहत जिले में विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अलीगंज क्षेत्र में भी अभियान चलाकर ओवरलोड ऑटो के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में सीओ ट्रैफिक से बात की जाएगी और पुलिस के सहयोग से अभियान में तेजी लाई जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल अभियान चलाने की घोषणा से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। बस स्टैंड परिसर के अंदर ऑटो चालकों की गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखने के साथ निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है। समय रहते ओवरलोड ऑटो के संचालन पर अंकुश नहीं लगाया गया तो यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बना रह सकता है।

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)
विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।
वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल
बीट (विस्तृत जानकारी):
- स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
- प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
- स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
- शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
- अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
- सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
- व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां
कार्य क्षेत्र:
जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश
अनुभव से जुड़ी जानकारी:
- क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
- 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
- वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।
शिक्षा से जुड़ी जानकारी:
स्नातक
