रायबरेली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। संस्थान के इमरजेंसी विभाग स्थित ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में 2 फरवरी 2026 से शुरू हुई सेवाओं के बाद महज साढ़े पांच माह में 651 सफल ऑपरेशन किए गए हैं, जो एम्स रायबरेली के लिए चिकित्सा सेवा क्षेत्र में एक नया रिकॉर्ड है।

इस उपलब्धि के अवसर पर शुक्रवार को इमरजेंसी ओटी परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एम्स की कार्यकारी निदेशक प्रो. डॉ. अमिता जैन ने इमरजेंसी ओटी की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और बेहतर समन्वय का परिणाम है।

प्रो. डॉ. अमिता जैन ने कहा कि एम्स रायबरेली का लक्ष्य मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने पूरी टीम से भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता और उत्कृष्टता के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उप निदेशक (प्रशासन) कर्नल अखिलेश सिंह, अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज कुमार श्रीवास्तव, इमरजेंसी ओटी प्रभारी डॉ. अभय राज यादव, सर्जरी विभाग के चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

एम्स प्रशासन के अनुसार, संस्थान लगातार आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार कर रहा है, ताकि रायबरेली समेत आसपास के जिलों के मरीजों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके। इमरजेंसी ओटी में 651 सफल ऑपरेशन की यह उपलब्धि संस्थान की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story