अखिल भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले शनिवार को आसपुर टोल प्लाजा पर किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बड़ा और आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान किसानों की भारी भीड़ और बढ़ते आक्रोश को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से वार्ता की। वार्ता के बाद कई मांगों पर आश्वासन मिलने पर किसानों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने टोल प्लाजा से लेकर खाद, बिजली, सिंचाई, मुआवजा और पुलिस उत्पीड़न जैसे कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। किसानों का आरोप था कि हाईवे निर्माण में अधिग्रहित उनकी जमीन का अब तक मुआवजा नहीं दिया गया है, जिससे प्रभावित किसान गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने पीड़ित किसानों को तत्काल मुआवजा दिलाए जाने की मांग की।

किसानों के आक्रोश को देखते हुए शासन-प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि आसपुर टोल प्लाजा से 10 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय किसानों की गाड़ियों को आधार कार्ड देखकर निःशुल्क निकाला जाएगा। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि टोल प्लाजा प्रबंधन स्थानीय किसानों के साथ अभद्र व्यवहार करता है, जिसे तत्काल प्रभाव से बंद कराया जाए।

प्रदर्शन के दौरान हाईवे स्थित ग्राम कंगरोल पर कट बनवाने की मांग भी उठाई गई, ताकि स्थानीय किसानों और ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिल सके। इसके साथ ही किसानों ने कृषि विभाग और थोक विक्रेताओं की मिलीभगत से खाद की कालाबाजारी का गंभीर आरोप लगाया। उनका कहना था कि यूरिया खाद निर्धारित मूल्य से अधिक दरों पर खुलेआम 400 से 500 रुपये प्रति बोरी तक बेची जा रही है, जिससे किसानों का आर्थिक शोषण हो रहा है।

बिजली संकट को लेकर भी किसानों में गहरी नाराजगी देखने को मिली। किसानों ने कहा कि असीमित विद्युत कटौती के कारण सिंचाई कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है, वहीं छात्र-छात्राओं की पढ़ाई, मरीजों और आम जनजीवन पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने पर्याप्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने की मांग की।

प्रदर्शन के अंत में किसानों ने जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार एटा एवं मलावन कोतवाल को सौंपा। साथ ही सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आगामी 10 जून 2026 को कृषि विभाग कार्यालय पर खाद, बीज, बिजली और पानी जैसे प्रमुख मुद्दों को लेकर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल संघर्षी, राष्ट्रीय महासचिव तेज सिंह वर्मा, सुरेंद्र शास्त्री, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बल्ले चौधरी, राष्ट्रीय प्रवक्ता ठाकुर अनिल सोलंकी, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राजपाल सिंह वर्मा, प्रदेश महासचिव विशेष यादव, प्रदेश संगठन मंत्री प्रदीप अहीर, प्रदेश उपाध्यक्ष राजू सोलंकी, प्रदेश सचिव बबलू नागर, मंडल अध्यक्ष थान सिंह लोधी, मंडल प्रभारी जदुवीर सिंह, जिलाध्यक्ष अरविंद शाक्य, पूर्व जिलाध्यक्ष पिंकी भैया, जिला उपाध्यक्ष मंदीप यादव, युवा जिला प्रभारी दुर्गेश कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story