राजकीय पशुपालन संस्थान में 27वां विश्व पशुचिकित्सा दिवस आयोजित
महर्षि शालिहोत्र की स्मृति और खाद्य सुरक्षा में पशुचिकित्सकों की भूमिका पर केंद्रित संगोष्ठी, जागरूकता रैली और प्रतियोगिताओं का आयोजन।

राजकीय पशुपालन प्रशिक्षण संस्थान उदयपुर में शनिवार, 25 अप्रैल को 27वां विश्व पशुचिकित्सा दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। संस्थान के उपनिदेशक डॉ. द्वारका प्रसाद गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम में पशुपालन विभाग के अधिकारी, वरिष्ठ पशुचिकित्सक और संस्थान के प्रशिक्षणार्थी उत्साहपूर्वक भाग लेंगे।
डॉ. गुप्ता के अनुसार, इस वर्ष विश्व पशुचिकित्सा दिवस की थीम ‘पशुचिकित्सक- भोजन और स्वास्थ्य के संरक्षक’ निर्धारित की गई है। इस थीम का उद्देश्य फार्म से थाली तक की संपूर्ण प्रक्रिया में पशुचिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना है। पशुचिकित्सक यह सुनिश्चित करने में अहम कड़ी हैं कि पशुओं से प्राप्त भोजन सुरक्षित, पौष्टिक और जिम्मेदारी के साथ उत्पादित हो।
वरिष्ठ पशुचिकित्साधिकारी डॉ. ओमप्रकाश साहू ने बताया कि इस अवसर पर संस्थान में पशु चिकित्सा के महत्व पर संगोष्ठी, जागरूकता रैली और निबंध प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पशुचिकित्सक न केवल खाद्य सुरक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य सुनिश्चित करते हैं, बल्कि जूनोटिक रोगों की रोकथाम, एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस और जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों के विरुद्ध स्वास्थ्य सुरक्षा की पहली पंक्ति के रूप में कार्य करते हैं।
संस्थान की वरिष्ठ पशुचिकित्साधिकारी डॉ. पदमा मील एवं डॉ. ममता सोनी ने बताया कि भारत में वर्ष 2000 से इस दिवस का आयोजन किया जा रहा है। विशेष रूप से इसे ‘शालिहोत्र दिवस’ के रूप में मनाने की पहल की गई है। प्राचीन भारतीय इतिहास में महर्षि शालिहोत्र को विश्व का प्रथम पशुचिकित्सक माना जाता है, जो भारतीय पशु चिकित्सा पद्धति की समृद्ध विरासत के प्रतीक हैं।
यह आयोजन पशुचिकित्सकों की बहुआयामी भूमिका को रेखांकित करते हुए खाद्य सुरक्षा, सार्वजनिक स्वास्थ्य और वैश्विक स्वास्थ्य चुनौतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
