विश्व जनसंख्या दिवस पर कोटा में जागरूकता कार्यक्रम, प्रश्नोत्तरी में युवाओं ने दिखाया उत्साह और जागरूकता
कोटा में विश्व जनसंख्या दिवस पर केंद्रीय संचार ब्यूरो ने जागरूकता कार्यक्रम और प्रश्नोत्तरी आयोजित की, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

तस्वीर में अग्रिम पंक्ति में बैठे पुरस्कार विजेता विद्यार्थी और उनके पीछे मंच पर खड़े मुख्य अतिथि व अन्य पदाधिकारी कोटा के जागरूकता कार्यक्रम के दौरान समूह फोटो खिंचवाते हुए।
विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, कोटा द्वारा महर्षि गौतम टीटी कॉलेज एवं मदर टेरेसा सीनियर स्कूल के सहयोग से शनिवार को वीर सावरकर नगर, कोटा स्थित परिसर में जनसंख्या स्थिरता, स्वस्थ परिवार और सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जनसंख्या, स्वास्थ्य, शिक्षा और केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विषयों पर अपनी जानकारी का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, कोटा के सहायक निदेशक श्री रामेश्वर लाल मीणा ने कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस समाज को जनसंख्या संबंधी चुनौतियों और उनके समाधान के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि जनसंख्या स्थिरता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं तथा महिलाओं की सशक्त भागीदारी विकसित भारत के निर्माण की आधारशिला हैं। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे अपने परिवार और समाज में जनजागरूकता का संदेश पहुंचाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर महर्षि गौतम टीटी कॉलेज के निदेशक योगेंद्र शर्मा, मदर टेरेसा सीनियर स्कूल की प्राचार्य मान कुंवर, भारत विकास परिषद के प्रांतीय कोषाध्यक्ष महेंद्र सिंह सिंघवाल, प्रांतीय गतिविधि प्रभारी महावीर प्रसाद शर्मा, चाणक्य शाखा के सदस्य हेमराज चित्तौड़ा तथा शाखा अध्यक्ष राजीव पालीवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने जनसंख्या नियंत्रण, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जनसहभागिता को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए जनसंख्या, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रश्नों के उत्तर दिए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर भारत विकास परिषद, महाविद्यालय एवं विद्यालय के विद्यार्थियों, प्राध्यापकों तथा स्टाफ सदस्यों ने स्वस्थ, शिक्षित और जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने तथा जनसंख्या स्थिरता का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Dharnendra Jain( Kherwara)
नाम: धरणेन्द्र जैन
वर्तमान पद: सीनियर रिपोर्टर (प्रातः काल दैनिक, खेरवाड़ा विधानसभा)
कार्यक्षेत्र: खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (खेरवाड़ा, ऋषभदेव, और नयागांव उपखंड क्षेत्र, जिला उदयपुर, राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों की खबरें
अनुभव: 30 वर्ष से अधिक
परिचय
धरणेन्द्र जैन उदयपुर जिले के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल दैनिक' में सीनियर रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह मुख्य रूप से खेरवाड़ा, ऋषभदेव और नयागांव उपखंड क्षेत्र को कवर करते हैं। धरणेन्द्र जैन राजनीति, क्राइम, स्थानीय प्रशासन सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से समाचार लिखते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
धरणेन्द्र जैन को पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों (30 वर्ष) से अधिक का व्यापक और लंबा अनुभव है:
- वह साल 1995 से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं।
- उन्होंने वर्ष 1998 से 2018 तक लगातार 20 वर्षों तक 'दैनिक भास्कर' में खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सीनियर रिपोर्टिंग की है।
- वर्ष 2018 से वह लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
