विश्व पर्यावरण दिवस: असारीवाड़ा में वृक्षारोपण और जागरूकता कार्यक्रम
एसबीआई फाउंडेशन और अर्पण सेवा संस्थान द्वारा ग्राम सेवा परियोजना के तहत पर्यावरण संरक्षण और जल प्रबंधन पर कार्यक्रम का आयोजन।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर असारीवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अर्पण सेवा संस्थान और एसबीआई फाउंडेशन के प्रतिनिधि व स्थानीय ग्रामीण।
खेरवाड़ा। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में एस.बी.आई. फाउंडेशन एवं अर्पण सेवा संस्थान द्वारा संचालित 'ग्राम सेवा परियोजना' के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत असारीवाड़ा में वृक्षारोपण, पर्यावरण जागरूकता रैली, स्वच्छता अभियान और जल संरक्षण विषयक जन-जागरूकता कार्यक्रमों का संचालन किया गया, जिसमें ग्रामीणों, महिलाओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हुए पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान एस.बी.आई. फाउंडेशन के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्वपन धर का संदेश साझा किया गया। उन्होंने अपने संदेश में स्पष्ट किया कि एस.बी.आई. फाउंडेशन ग्रामीण समुदायों के समग्र विकास के लिए निरंतर समर्पित है। धर ने जोर देकर कहा कि पर्यावरण संरक्षण और सतत जल-प्रबंधन प्रथाओं को बढ़ावा देना ग्राम सेवा परियोजना के मुख्य फोकस क्षेत्रों में सम्मिलित है। परियोजना के अंतर्गत 'जन वन' अभियान के तहत व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण, स्वच्छता साथी वाहन के माध्यम से गांवों में कचरा संग्रहण, जल संरचनाओं का पुनर्जीवन एवं नवीनीकरण तथा सौर विद्युतीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान के उदयपुर जिले में अर्पण सेवा संस्थान के सहयोग से क्रियान्वित किए जा रहे ये प्रयास ग्रामीण विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रति संस्थान की अटूट प्रतिबद्धता का जीवंत प्रमाण हैं।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित समस्त ग्रामीणों ने “एक व्यक्ति – एक पौधा” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया। इस सामूहिक प्रयास के माध्यम से उन्होंने न केवल पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण का सशक्त संदेश भी प्रेषित किया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
