विश्व मधुमक्खी दिवस के अवसर पर राजकीय पशुपालन प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित संगोष्ठी में विशेषज्ञों ने पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और कृषि व्यवस्था में मधुमक्खियों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। कार्यक्रम में बताया गया कि मधुमक्खियों के बिना प्रोटीन युक्त चारा उत्पादन और पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य की कल्पना संभव नहीं है।

संस्थान के उपनिदेशक डॉ. द्वारका प्रसाद गुप्ता, वरिष्ठ पशुचिकित्साधिकारी डॉ. पदमा मील, डॉ. ओमप्रकाश साहु एवं डॉ. ममता सोनी ने कहा कि पशुओं के अच्छे स्वास्थ्य और दुग्ध उत्पादन के लिए प्रोटीन युक्त आहार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जिस आहार में प्रोटीन अधिक मात्रा में होता है, वह पशुओं के लिए सर्वोत्तम माना जाता है।

विशेषज्ञों ने वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर बताया कि लुसर्न में प्रचुर मात्रा में प्रोटीन पाया जाता है और इस फसल के बेहतर उत्पादन में मधुमक्खियों की भूमिका अत्यंत अहम रहती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मधुमक्खियों के सहयोग के बिना लुसर्न से प्रोटीन युक्त चारा प्राप्त नहीं किया जा सकता, जिससे पशुओं में दुग्ध उत्पादन बढ़ाना संभव नहीं हो पाएगा।

संगोष्ठी में बताया गया कि गाय और भैंस के लिए बरसीम और लुसर्न सबसे ताकतवर चारा माने जाते हैं, जिनमें 20 से 25 प्रतिशत तक प्रोटीन पाया जाता है। इन फलीदार चारों का बीज मधुमक्खियों के परागण से तैयार होता है। विशेषज्ञों ने कहा कि मधुमक्खियों द्वारा परागण होने से चारा उत्पादन बढ़ता है, पशुओं को पर्याप्त पोषण मिलता है और दुग्ध उत्पादन में भी वृद्धि होती है।

वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मधुमक्खियां नहीं रहेंगी तो पशुपालन, दूध उत्पादन और रोजगार पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि दुनिया के लगभग 75 प्रतिशत भोजन उत्पादन में मधुमक्खियों का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष योगदान है। विशेषज्ञों ने मधुमक्खियों के संरक्षण को मानव जीवन, कृषि उत्पादन और पशुपालन व्यवस्था के लिए अनिवार्य बताया।

कार्यक्रम में संजय, तनुज, सुनील, दिनेश, कृष्णकांत, अनिल, गणेश योगी, अजय सैनी, प्रकाश सैनी और दुर्गासिंह सहित कई प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान एपीकल्चर विषय पर भी जानकारी साझा की गई।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story