वंडर सीमेंट ने निम्बाहेड़ा में शुरू की इलेक्ट्रिक मालवाहक वाहनों की सेवा
कंपनी ने एसजी ग्रीन लॉजिस्टिक्स के साथ मिलकर 10 इलेक्ट्रिक ट्रकों को हरी झंडी दिखाई, कार्बन उत्सर्जन कम करने की दिशा में बड़ा कदम।

निम्बाहेड़ा। पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ औद्योगिक विकास के अपने संकल्प को सिद्ध करते हुए वंडर सीमेंट लिमिटेड, आर. के. नगर ने ग्रीन लॉजिस्टिक्स की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। कंपनी ने एसजी ग्रीन लॉजिस्टिक्स के साथ मिलकर एक रणनीतिक साझेदारी के तहत बुधवार को 10 अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक भारी मालवाहक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल न केवल कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के लिए वंडर सीमेंट की प्रतिबद्धता को दर्शाती है, बल्कि क्षेत्र में ग्रीन मोबिलिटी और ऊर्जा-दक्ष परिवहन के नए युग का भी सूत्रपात करती है।
इस अवसर पर वंडर सीमेंट के यूनिट हेड नितिन जैन ने कहा कि कंपनी पर्यावरण अनुकूल औद्योगिक विकास के अपने दृष्टिकोण पर निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसजी ग्रीन लॉजिस्टिक्स के साथ यह सहयोग डीकार्बोनाइज्ड लॉजिस्टिक्स और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार संचालन को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इस नवाचार के माध्यम से कंपनी न केवल ईंधन की बचत कर रही है, बल्कि एक मजबूत ग्रीन लॉजिस्टिक्स इकोसिस्टम के निर्माण में भी सक्रिय योगदान दे रही है।
कार्यक्रम के दौरान वंडर सीमेंट से उपाध्यक्ष (प्रोसेस) राजेन्द्र शर्मा, उपाध्यक्ष (मैकेनिकल) विपिन जैन, प्रोसेस हेड राजेन्द्र शर्मा, लॉजिस्टिक्स विभाग के मनोज शर्मा और सेंट्रल लॉजिस्टिक्स से आशीष कुमावत उपस्थित रहे। एसजी ग्रीन लॉजिस्टिक्स का प्रतिनिधित्व प्रबंध निदेशक उत्कर्ष जैन, इंफ्रा हेड गौतम, ऑपरेशन हेड विजेंदर और वाइस प्रेसिडेंट एस. डी. शर्मा ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में चालकगण भी सम्मिलित हुए। इन भारी मालवाहक इलेक्ट्रिक वाहनों का संचालन भविष्य में औद्योगिक परिवहन के स्वरूप को बदलने और प्रदूषण मुक्त लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।

