उदयपुर।

महिलाओं की सुरक्षा और उनके कानूनी अधिकारों को लेकर जागरूकता की दिशा में एक अहम पहल करते हुए उदयपुर जिले के वल्लभनगर थाना परिसर में महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आत्मरक्षा, अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने तथा महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों की गहन जानकारी प्रदान करना रहा।


जानकारी के अनुसार महिला अधिकारिता विभाग के अंतर्गत रणथंबोर सेवा संस्थान, नाथद्वारा द्वारा संचालित महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र ने यह अभियान आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा को रोकने और उन्हें कानूनी संरक्षण उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस थाना वल्लभनगर के कर्मचारियों के साथ-साथ आसपास के विभिन्न गांवों से आई महिलाओं ने भी इस जागरूकता कार्यक्रम में भाग लिया।


महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र की लीगल काउंसलर केसी पटेल एवं सोशल काउंसलर सीता जाट ने कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न से संरक्षण अधिनियम, जिसे पॉश एक्ट के नाम से जाना जाता है, की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक पुलिस थाने और संस्थान में आंतरिक शिकायत समिति का गठन अनिवार्य है, जिससे महिलाएं बिना किसी भय के अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। साथ ही आईसीसी पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया और उसके माध्यम से मिलने वाली सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी जानकारी साझा की गई।


कार्यक्रम के दौरान थाना परिसर में पॉश एक्ट के अंतर्गत समिति का गठन भी किया गया, जिससे कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा को और अधिक मजबूत आधार मिल सके। इसके अतिरिक्त महिला सलाह एवं सुरक्षा केंद्र द्वारा प्रदान की जाने वाली काउंसलिंग सेवाओं, कानूनी मार्गदर्शन और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विभागों से समन्वय कर सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था के बारे में भी महिलाओं को जागरूक किया गया।


यह जागरूकता अभियान महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिसने महिलाओं को न केवल उनके अधिकारों से परिचित कराया, बल्कि उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने के लिए आत्मविश्वास भी प्रदान किया।

Hemant Ameta, Udaipur

Hemant Ameta, Udaipur

हेमंत अमेटा उदयपुर से प्रात:काल के लिए समाचार कवर करने वाले अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खबरों को सटीक और निष्पक्ष दृष्टिकोण से पाठकों तक पहुँचाने के लिए समर्पित हैं। हेमंत अपने तेज़ रिफ्लेक्स और खबरों की गहन जांच के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को हर अपडेट समय पर और भरोसेमंद जानकारी के साथ मिलती है।

Next Story