मावली। शादी के निमंत्रण का कार्ड, जिसे आमतौर पर खुशियों का प्रतीक माना जाता है, गुरुवार रात एक परिवार के लिए काल बन गया। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना मावली तहसील अध्यक्ष राहुल सिंह सारंगदेवोत अपनी शादी के कार्ड बांटकर भिड़र से लौट रहे थे, तभी सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई। जिस खुशी को बांटना था, वही आज पूरे समाज को गहरे शोक में ढक दिया।

इस घटना के बाद, श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह चुंडावत ने समाज से भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि कार्ड बांटने और दिखावे की परंपरा अब समाज के लिए खतरा बन चुकी है। “कोई भी परंपरा अगर मौत की कीमत मांगने लगे, तो वह परंपरा नहीं, जिद बन जाती है, और जिद समाज के खिलाफ अपराध है,” उन्होंने कड़े शब्दों में चेताया।

अर्जुन सिंह ने बताया कि पूर्वजों ने यह परंपरा मजबूरी में निभाई थी, क्योंकि उस समय न मोबाइल था और न इंटरनेट। आज के डिजिटल युग में यह समझदारी नहीं कि जीवन के लिए जोखिम उठाया जाए। उन्होंने बहनों और बेटियों के लिए ‘आणा’ देने की परंपरा को भी डिजिटल माध्यम से सुरक्षित और सम्मानजनक तरीके से अपनाने का सुझाव दिया। उनका कहना है कि दिल से भेजा संदेश और सम्मान राशि ही सच्चा ‘आणा’ है, न कि डिब्बा या दिखावा।

साथ ही, उन्होंने समाज को चेताया कि केवल कार्ड ही नहीं, बल्कि महंगे तिलक-रोकड़, दहेज, दिखावटी भोज और गैर-जरूरी परंपराएं भी युवाओं, परिवारों और बेटियों की जिंदगी पर बोझ डालती हैं। उनका कहना है कि सम्मान संस्कृति खर्च से नहीं, संस्कार और सुरक्षा से आती है।

अर्जुन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया कि अब समय आ गया है कि समाज इन कुरीतियों को छोड़ दे। डिजिटल निमंत्रण अपनाकर, जीवन को प्राथमिकता दी जाए। “हमें परंपरा नहीं, समाज और संस्कृति बचानी है। बदलाव आज होगा, तो कल किसी मां की गोद खाली नहीं होगी।”

इस दुखद घटना ने समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि परंपराएं तभी मूल्यवान हैं, जब वे जीवन और सुरक्षा को खतरे में नहीं डालतीं।

Bhupesh Prajapat (Udaipur)

Bhupesh Prajapat (Udaipur)

नाम: भूपेश प्रजापत

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: मावली (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति और क्राइम (अपराध)

परिचय 

भूपेश प्रजापत मावली क्षेत्र के ग्राउंड रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय राजनीति और आपराधिक मामलों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही वह क्षेत्र की जन समस्याओं, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक स्तर पर भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों व उनकी जांच पर नियमित रूप से समाचार कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

भूपेश प्रजापत शैक्षणिक रूप से स्नातक (Graduate) हैं।

Next Story