वार्ड 63 में जल संकट: भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने जलदाय विभाग ईई से की मुलाकात
गणेश नगर सहित विभिन्न कॉलोनियों में अनियमित और गंदे पानी की आपूर्ति से परेशान लोगों की समस्या के समाधान के लिए अधिशाषी अभियंता को सौंपा गया ज्ञापन।

शहर के वार्ड नम्बर 63 में लगातार गहराती पानी की समस्या को लेकर भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जलदाय विभाग पहुंचकर अधिशाषी अभियंता सृष्टि मेनारिया से मुलाकात की और क्षेत्रवासियों की गंभीर परेशानियों से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि गणेश नगर क्षेत्र के कालका माता मंदिर रोड सहित मंदिर के आसपास के इलाकों में लंबे समय से अनियमित जलापूर्ति, कम दबाव से पानी की सप्लाई और गंदे पानी की समस्या बनी हुई है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिशाषी अभियंता को अवगत कराया कि आदर्श नगर, पार्श्व कॉलोनी, माधव कॉलोनी, सागर कॉलोनी, शिव कॉलोनी, पंजाबी बाग, अरिहंत नगर, नाकोडा नगर और गांधीनगर क्षेत्र में जल सप्लाई व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। कई इलाकों में पर्याप्त दबाव नहीं होने से लोगों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा, वहीं गंदे पानी की सप्लाई से स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं भी बढ़ गई हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिशाषी अभियंता सृष्टि मेनारिया ने प्रतिनिधिमंडल को समस्या के अतिशीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान नरेश वैष्णव, वार्ड अध्यक्ष भरत मेघवाल, प्रिंस जैन, ललित पालीवाल, रमेश जैन सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वार्ड नम्बर 63 में जल संकट को लेकर बढ़ती नाराजगी के बीच भाजपा प्रतिनिधिमंडल की यह पहल क्षेत्रवासियों की मूलभूत समस्या को प्रशासन तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण कार्रवाई मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
