खेरवाड़ा (प्रात:काल संवाददाता)।

भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर मनाए जा रहे जनजाति गौरव वर्ष पखवाड़े के तहत खेरवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित ब्लॉक स्तरीय चिकित्सा शिविर में गुरुवार को ग्रामीणों का सैलाब उमड़ पड़ा। सैकड़ों ग्रामीण अपने स्वास्थ्य की जांच और उपचार के लिए सुबह से ही शिविर स्थल पर पहुंचने लगे, जिससे स्वास्थ्य केंद्र परिसर दिनभर जनसेवा और चिकित्सा परामर्श का केंद्र बना रहा।

शिविर का शुभारंभ पूर्व प्रधान अमृतलाल डामोर के मुख्य आतिथ्य में हुआ, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी पारस जैन ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सरपंच लक्ष्मी देवी अहारी और उप सरपंच विक्रांत कोठारी उपस्थित रहे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. अनिल गोयल और वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल सालवी ने अतिथियों का दुपट्टा ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

मुख्य अतिथि अमृतलाल डामोर ने अपने संबोधन में उपस्थित ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का अधिकाधिक लाभ उठाएं और जनजाति गौरव वर्ष पखवाड़े के तहत चल रहे अन्य सेवा कार्यों से भी जुड़ें। अध्यक्षता कर रहे समाजसेवी पारस जैन ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ग्रामीणों को हर संभव चिकित्सा सुविधा और सहायता प्रदान करने के लिए तत्पर हैं। सरपंच लक्ष्मी देवी अहारी ने भी ग्रामीणों को प्रेरित करते हुए चिकित्सकों से मरीजों को पूर्ण सहयोग और समर्पण भाव से सेवा देने की अपील की।

शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं की जांच, टीकाकरण, एनीमिया उपचार, कैंसर स्क्रीनिंग, पोषण किट वितरण सहित अनेक चिकित्सा सेवाएं प्रदान कीं। 30 वर्ष से अधिक आयु के 458 लोगों की एमसीडी स्क्रीनिंग, 175 मरीजों की रक्तचाप और रक्त शर्करा जांच, नेत्र एवं दंत परीक्षण, और सामान्य चिकित्सा परामर्श किया गया। साथ ही मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम का संचालन संदीप कुमार ने किया जबकि आभार डॉ. अनिल गोयल ने व्यक्त किया। शिविर में उमड़ी भारी भीड़ और चिकित्सा टीम का समर्पण जनसेवा की उस भावना को दर्शाता है, जो बिरसा मुंडा जैसे महान जननायक के आदर्शों को जीवित रखती है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story