मावली व खेमली के स्कूलों में विकसित भारत कलश यात्रा, दिया प्रगति का संदेश
चंगेड़ी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय समेत कई स्कूलों के विद्यार्थियों ने कलश यात्रा निकालकर विकसित व आत्मनिर्भर भारत का संकल्प दोहराया।

तस्वीर में छात्राएं और शिक्षक रास्ते पर तख्तियां और कलश लेकर यात्रा निकालते हुए।
फतहनगर। विकसित भारत कलश यात्रा कार्यक्रम के तहत बुधवार को मावली एवं खेमली ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों ने कलश यात्राएं निकालीं। गांव-गांव आयोजित इन यात्राओं में विद्यार्थियों ने उत्साह और उमंग के साथ भाग लेकर विकसित भारत की संकल्पना और देश की प्रगति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
इसी क्रम में चंगेड़ी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रार्थना कार्यक्रम के बाद विकसित भारत कलश यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम के प्रारंभ में कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती मधु मंडोवरा, उप प्रधानाचार्य श्रीमती खुशनुमा बानो तथा वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक प्रभुलाल रेगर सहित विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को विकसित भारत कलश यात्रा के उद्देश्य और महत्व की जानकारी दी। शिक्षकों ने देश के विकास में युवाओं एवं विद्यार्थियों की भूमिका से भी अवगत कराया।
इसके बाद विद्यालय परिसर से कलश यात्रा शुरू हुई। राजस्थानी पारंपरिक परिधान में सजी बालिकाएं सिर पर कलश धारण कर यात्रा में शामिल हुईं। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने हाथों में तख्तियां लेकर देशभक्ति और विकसित भारत से जुड़े नारे लगाए। विद्यार्थियों के जोश, अनुशासन और देशभक्ति की भावना से यात्रा का माहौल उत्साहपूर्ण रहा।
कलश यात्रा विद्यालय परिसर से निकलकर निर्धारित मार्ग से होते हुए वापस विद्यालय प्रांगण पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा स्वच्छ, शिक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में देश के विकास, संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूकता के साथ सामूहिक सहभागिता और राष्ट्रीय भावना को बढ़ावा दिया गया। मावली एवं खेमली ब्लॉक के अन्य राजकीय विद्यालयों में भी इसी प्रकार कलश यात्राओं का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
