फतहनगर। महिला हिंसा और भेदभाव के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विकल्प संस्थान उदयपुर की ओर से 16 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय अभियान का शुभारंभ कुंभलगढ़ एवं मावली उपखंड के विभिन्न गांवों और बस्तियों में किया गया। अभियान के तहत नीलोद, चुड़ावतखेड़ी एवं कच्ची बस्ती में आयोजित जागरूकता गतिविधियों में 200 से अधिक महिलाओं एवं किशोरियों ने भाग लेकर हिंसा के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।

अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों को समाज में प्रचलित हिंसा और भेदभाव के विभिन्न स्वरूपों की पहचान कराने के साथ उनके विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रमों के दौरान घरेलू हिंसा, शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना, लैंगिक भेदभाव, बाल विवाह, दहेज प्रथा, यौन हिंसा और सामाजिक असमानता जैसे गंभीर मुद्दों पर संवाद किया गया।

इस दौरान महिलाओं को बताया गया कि हिंसा केवल शारीरिक प्रताड़ना तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके मानसिक, आर्थिक एवं भावनात्मक स्वरूप भी होते हैं। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव, विचार और समस्याएं साझा करते हुए इन मुद्दों पर खुलकर चर्चा की।

जागरूकता गतिविधियों के अंतर्गत आयोजित नारा लेखन कार्यक्रम में महिलाओं एवं किशोरियों ने समानता, सम्मान, सुरक्षा और महिला अधिकारों के समर्थन में अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति दी। वहीं, समूह चर्चा के माध्यम से हिंसा के कारणों, उसके सामाजिक प्रभावों और रोकथाम के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।

चर्चा के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि महिला हिंसा को समाप्त करने के लिए केवल महिलाओं का जागरूक होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि परिवार, समुदाय और समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। प्रतिभागियों ने महिला हिंसा के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने और अपने गांवों में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

विकल्प संस्थान की यह पहल महिला हिंसा मुक्त समाज के निर्माण, महिलाओं की गरिमा एवं समानता सुनिश्चित करने और किशोरियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। अभियान के आयोजन में इंद्रा झाला, योगेश्वरी सुथार, यशवंत मीणा, रीना बंजारा और कृष्णा बंजारा सहित सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहयोग प्रदान किया।

Vikas Chawada (Udaipur)

Vikas Chawada (Udaipur)

नाम: विकास चावड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)

कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)

अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय

बीट और मुख्य विषय 

  • स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
  • राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
  • जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

हायर सेकेंडरी

Next Story