प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ने और विद्यालय से वंचित बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकल्प संस्थान द्वारा संचालित 'आओ स्कूल चले हम' अभियान के तहत शनिवार को मावली ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता रैली एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करने के साथ उनकी नियमित उपस्थिति को बढ़ावा देना है।

विकल्प संस्थान की प्रतिनिधि अनिता वैरागी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत वासनी माफी, फलीचढ़ा, फलीचढ़ा खेड़ी एवं कुंचौली के विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। जागरूकता रैली में 300 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने "हर बच्चा स्कूल जाए" और "शिक्षा है हर बच्चे का अधिकार" जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से ग्रामीणों एवं अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया। रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर आसपास के प्रमुख मार्गों से निकली, जिसमें शिक्षक, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य तथा ग्रामीणों ने भी सहभागिता निभाई।

अभियान के तहत आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में 80 विद्यार्थियों ने शिक्षा, बाल अधिकार, बालिका शिक्षा, स्वच्छ विद्यालय एवं नियमित विद्यालय उपस्थिति जैसे विषयों पर आकर्षक और रचनात्मक पोस्टर तैयार किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय की ओर से प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर शिक्षकों ने अभिभावकों से अपने बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने तथा उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल बच्चों का विद्यालय में प्रवेश दिलाना नहीं, बल्कि उनकी नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बाल-अनुकूल शिक्षण वातावरण को भी सुदृढ़ बनाना है।

कार्यक्रम में मीना खटीक, ओमप्रकाश सिंह, आशा कुंवर, योगेश्वरी सुथार, वैशाली सेन, कोमल लोहार सहित विद्यालय परिवार के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अभियान के माध्यम से शिक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने का संदेश प्रभावी रूप से ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाया गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story