फतहनगर में विज्ञान मेले में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर, 70 से अधिक मॉडल किए प्रस्तुत
फतहनगर के विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित विज्ञान मेले में कक्षा तीसरी से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने 70 से अधिक मॉडल प्रस्तुत किए। निर्णायकों ने मॉडलों का मूल्यांकन किया और चयन जिला स्तरीय मेले के लिए होगा।

तस्वीर में फतहनगर के विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित विज्ञान मेले के दौरान छात्र-छात्राएं अपने द्वारा बनाए गए विज्ञान मॉडलों के साथ खड़े हैं और शिक्षक उनका अवलोकन कर रहे हैं।
फतहनगर के स्थानीय विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को विद्यालय स्तरीय विज्ञान मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कक्षा तीसरी से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने शिशु, बाल एवं किशोर वर्ग में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विज्ञान के विभिन्न आयामों पर आधारित 70 से अधिक रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने प्राथमिक चिकित्सा, वर्षा जल संग्रहण, तकनीक, विद्युत, चुंबकीय प्रेरण, विद्युत रसायन, जैव प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत एवं गति सहित विभिन्न विषयों पर आधारित मॉडल और प्रयोग प्रस्तुत किए।
विज्ञान मेले में विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भी सहभागिता की। अभिभावकों ने कतारबद्ध होकर विभिन्न मॉडलों का अवलोकन किया और विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता एवं प्रयासों की सराहना की।
राजकीय विद्यालयों से पधारे निर्णायक भगवती लाल शर्मा, आयुष टेलर, दलीचंद जाट एवं प्रद्युम्न दाधीच ने प्रदर्शनी में प्रस्तुत प्रत्येक मॉडल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके मॉडलों के विषय में जानकारी ली और विभिन्न मापदंडों के आधार पर उनका मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन आगामी जिला स्तरीय विज्ञान मेले के लिए किया जाएगा, जहां वे विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश चंद्र आमेटा एवं तुलसीराम लोहार ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने दैनिक जीवन में विज्ञान के महत्व एवं आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने तथा जिज्ञासा एवं नवाचार की भावना विकसित करने का आह्वान किया।
विज्ञान मेले के सफल आयोजन में विज्ञान विषय प्रमुख गीता प्रजापत एवं वंदना अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
